धामी सरकार का मंगलौर को बड़ा तोहफा! कन्या डिग्री कॉलेज और गंगनहर पर नए पुल का हुआ ऐलान

धामी सरकार का मंगलौर को बड़ा तोहफा! कन्या डिग्री कॉलेज और गंगनहर पर नए पुल का हुआ ऐलान

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार जिले के मंगलौर में आयोजित विशाल जन आशीर्वाद रैली के मंच से क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज की स्थापना और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल के पुनर्निर्माण का औपचारिक ऐलान किया। इसके साथ ही उन्होंने नारसन खुर्द में नाले के पक्के निर्माण व सफाई, मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की दिशा में सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण और टिकौला कलां में सिलाखाला पर तटबंध बनाने की घोषणा की, जबकि ट्यूबवेल के बिजली बिल माफी की मांग पर विभागीय परीक्षण कराने का आश्वासन दिया।

रैली के दौरान पश्चिमी उत्तराखंड के किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री ने गन्ना समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिवर्ष किसानों के हित में कदम उठाती रही है और इस बार भी उचित फैसला होगा। उन्होंने रेखांकित किया कि सरकार किसानों की लागत घटाने और आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके तहत 3 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त फसली ऋण, मुफ्त नहर सिंचाई और कृषि यंत्रों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जा रहा है।

क्षेत्रीय विकास का ब्योरा पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि नारसन सीएचसी में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट शुरू की गई है, लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के लिए एक करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत हुई है, जबकि मंगलौर में पीएम आवास योजना के जरिए 1,000 से अधिक मकान, स्वच्छ भारत के तहत 21 हजार शौचालय, 32 हजार से ज्यादा आयुष्मान कार्ड और जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं। राज्य स्तर पर पारदर्शी व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और यूसीसी लागू करने के साथ ही पिछले पांच वर्षों में 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। रैली में पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, सांसद कल्पना सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।