3 मंत्रियों की मिलीभगत और नियमों में खेल! जाखड़ ने कागजात लहराकर पंजाब सरकार को घेरा
पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने राज्य की भगवंत मान सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पंचायती राज कानून में बदलाव कर और तीन मंत्रियों के विभागों की कथित मिलीभगत से 150 एकड़ पंचायती जमीन अवैध तरीके से खनन माफिया के हवाले कर दी गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में तथ्यों के साथ अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रकरण केवल सरकारी खजाने और प्राकृतिक संपदा की लूट तक सीमित नहीं है, बल्कि पारिस्थितिकी संतुलन और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी बड़ा खतरा है। जाखड़ ने याद दिलाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पहले से ही पठानकोट में 92 एकड़ पंचायती जमीन के कथित हस्तांतरण की जांच कर रहा है, जिस पर अदालत ने भी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास वन भूमि पर खनन को राष्ट्रीय सुरक्षा व घुसपैठ के जोखिम से जोड़ते हुए चिंता जताई थी।
जाखड़ के मुताबिक, संरक्षित वन क्षेत्र के भीतर और उसके एक किलोमीटर के प्रतिबंधित दायरे में भी खनन गतिविधियां चल रही हैं, जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून में संशोधन करके पंचायत प्रस्ताव और उपायुक्त की स्वीकृति के सहारे जमीन देने का रास्ता बनाया गया, जबकि इससे नीलामी व अन्य अनिवार्य कानूनी प्रक्रियाओं की बाध्यता खत्म नहीं होती। उनके अनुसार, पहले पंचायती भूमि खनन माफिया को देना संभव नहीं था, इसलिए नियम बदले गए और पठानकोट में पहले दी गई 92 एकड़ के अलावा 150 एकड़ अतिरिक्त पंचायती जमीन पंचायतों से लेकर माफिया को दे दी गई।
भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि संशोधित नियमों के तहत न तो ग्राम सभा की बैठकें बुलाई गईं और न ही खुली नीलामी कराई गई, बल्कि प्रक्रियाओं को ताक पर रखकर पसंदीदा लोगों को लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि उनके पास इस दावे की पुष्टि के लिए खसरा नंबर, स्वामित्व रिकॉर्ड, लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) और अन्य संबंधित दस्तावेजी प्रमाण मौजूद हैं।