सर्दियों में बनाएं हेल्दी आंवला लड्डू: चटनी-मुरब्बा छोड़ आजमाएं यह आसान देसी रेसिपी, सेहत रहेगी दुरुस्त

सर्दियों में बनाएं हेल्दी आंवला लड्डू: चटनी-मुरब्बा छोड़ आजमाएं यह आसान देसी रेसिपी, सेहत रहेगी दुरुस्त

सर्दियों का मौसम आते ही बाजारों में ताजा आंवलों की आवक बढ़ जाती है। विटामिन सी और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर आंवला सेहत के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। आमतौर पर घरों में सर्दियों के दौरान आंवले की चटनी, अचार या मुरब्बा बनाकर खाया जाता है, लेकिन क्या आपने कभी आंवले के लड्डू चखे हैं? स्वाद में बेहतरीन होने के साथ-साथ यह सेहत को भी तंदुरुस्त रखने में मदद करता है। यहां पेश है घर पर झटपट आंवले के लड्डू तैयार करने की आसान विधि।

लड्डू बनाने के लिए आपको 500 ग्राम ताजे आंवले, 350 से 400 ग्राम गुड़, 2 से 3 बड़े चम्मच देसी घी, आधा कप नारियल का बुरादा, बादाम-काजू-अखरोट जैसे सूखे मेवे, आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर और 2 बड़े चम्मच भुना हुआ तिल या अलसी पाउडर चाहिए होगा।

सबसे पहले आंवलों को साफ पानी से धोकर स्टीमर या थोड़े पानी में 8 से 10 मिनट तक भाप में नरम होने तक पकाएं। पक जाने के बाद आंच बंद कर दें और आंवलों को ठंडा होने दें। ठंडा होने पर गुठलियां अलग कर लें और गूदे को कद्दूकस कर लें या मिक्सी में दरदरा पीस लें। इसके बाद भारी तले की कड़ाही में 1 चम्मच देसी घी गरम करें और उसमें आंवले का गूदा डालकर धीमी से मध्यम आंच पर 6 से 8 मिनट तक भूनें, ताकि अतिरिक्त नमी सूख जाए और कसैलापन कुछ हद तक कम हो जाए।

अगले चरण में कड़ाही में बारीक कटा गुड़ डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पिघलाएं। गुड़ पूरी तरह घुल जाए और मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगे, तब तक इसे पकाएं। ध्यान रखें कि इसे अधिक न पकाएं, वरना लड्डू कड़े हो सकते हैं। इसके बाद बचा हुआ घी, नारियल का बुरादा, कटे मेवे, इलायची पाउडर और तिल या अलसी का पाउडर डालकर 2 से 3 मिनट चलाएं और गैस बंद कर दें। मिश्रण के हल्का गुनगुना होने पर हथेलियों में थोड़ा घी लगाकर मनचाहे आकार के लड्डू बांध लें और एयरटाइट डिब्बे में रखकर पूरी सर्दी इसका स्वाद लें।