जर्मनी में स्पेस इंजीनियर संग लड़े नैन, हिमाचल के गांव में विदेशी दूल्हे ने लिए सात फेरे!

जर्मनी में स्पेस इंजीनियर संग लड़े नैन, हिमाचल के गांव में विदेशी दूल्हे ने लिए सात फेरे!

हिमाचल प्रदेश की वादियों में एक बेहद दिलचस्प और अनोखी प्रेम कहानी शादी के बंधन में बंधकर सुर्खियां बटोर रही है। मंडी जिले के करसोग उपमंडल के कुटी गांव की रहने वाली नेहा चौहान को जर्मनी में अपना जीवनसाथी मिला। जर्मनी में परवान चढ़ी यह दोस्ती प्यार में बदली और फिर दोनों ने सात फेरे लेने का फैसला किया। सबसे खास बात यह रही कि इस जोड़े ने विदेशी धरती के बजाय हिमाचल की मिट्टी और पारंपरिक माहौल में अपने नए जीवन की शुरुआत करने का विकल्प चुना।

नेहा चौहान ने इंग्लैंड के रहने वाले थॉमस के साथ पूरे पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के मुताबिक विवाह किया। इस खास मौके के लिए थॉमस अपने परिवार और दोस्तों के साथ इंग्लैंड से हिमाचल पहुंचे। विवाह समारोह में शामिल विदेशी मेहमानों ने भी हिमाचली संस्कृति, खानपान और रीति-रिवाजों का खुलकर लुत्फ उठाया और इस अनुभव को यादगार बनाया।

शादी के दौरान दूल्हा बने थॉमस हिमाचली टोपी, शेरवानी और सेहरे में बेहद आकर्षक नजर आए। बारात में शामिल विदेशी मेहमानों ने भी पारंपरिक पगड़ियां बांधी और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर थिरकते हुए खुशियां मनाईं। हिंदी और पहाड़ी गीतों पर विदेशी बारातियों का डांस पूरे समारोह में आकर्षण का केंद्र रहा, जबकि दूल्हा-दुल्हन की पारंपरिक पालकी ने शादी की रौनक में चार चांद लगा दिए।

नेहा चौहान का सफर अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के चलते भी प्रेरणादायक है। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा करसोग के रूट मॉडल पब्लिक स्कूल से पूरी की, जिसके बाद शिमला के आरकेएमवी कॉलेज और नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से पढ़ाई की। उच्च शिक्षा के लिए जर्मनी गईं नेहा ने कृषि एवं पर्यावरण विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल की और वर्तमान में वहीं कार्यरत हैं। वहीं, उनके जीवनसाथी थॉमस भी जर्मनी में स्पेस इंजीनियर के पद पर कार्य कर रहे हैं।

नेहा के पिता लवेश्वर चौहान ग्राम पंचायत रिछनी के प्रधान हैं। विदेश में मिले दो दिलों का अपनी जड़ों और पारिवारिक परंपराओं के बीच विवाह करना स्थानीय लोगों के लिए खास चर्चा का विषय बना हुआ है। खासकर विदेशी दूल्हे और बारातियों का हिमाचली रंग में रंगा अंदाज हर किसी का ध्यान खींच रहा है।