बड़ा हादसा: ईंट-भट्ठे के गहरे गड्ढे में डूबने से 11 साल की मासूम की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद दुखद और हृदय विदारक खबर सामने आई है। सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दीना पट्टी पंचायत के पिपराही गांव में सोमवार शाम से लापता 11 वर्षीय मासूम बच्ची का शव मंगलवार सुबह पानी से भरे गहरे गड्ढे से बरामद हुआ। पानी में डूबने से बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिजनों में चीख-पुकार और कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
सोमवार शाम से लापता थी मासूम, चिमनी के पास गड्ढे में मिला शव
मृतक बच्ची की पहचान पिपराही गांव निवासी शिवकुमार ठाकुर की 11 वर्षीया पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रियंका सोमवार शाम करीब 4 बजे अपने घर से बाहर निकली थी। जब वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने उसकी हर संभावित जगह खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। मंगलवार की सुबह गांव के ही पास स्थित एक ईंट-भट्ठा (चिमनी) के पास पानी से लबालब भरे गहरे गड्ढे में ग्रामीणों ने उसका शव तैरता हुआ देखा।
तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी प्रियंका, मां का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पिपरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। मृतका प्रियंका तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। मासूम की असामयिक मौत से उसकी मां लीला देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने की ईंट-भट्ठों के जानलेवा गड्ढों की घेराबंदी की मांग
इस दुखद हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि ईंट-भट्ठों के आसपास खोदे गए जानलेवा गहरे और खुले गड्ढों की तुरंत बैरिकेडिंग व घेराबंदी कराई जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि भट्ठा मालिकों द्वारा खोदे गए ये खुले गड्ढे आए दिन बड़े हादसों को न्योता देते रहते हैं।