भागलपुर में महाजाम का हाहाकार; भोलानाथ ओवरब्रिज निर्माण ने बढ़ाई मुसीबत, रेलवे फाटक पर घंटों फंसे रहे स्कूली बच्चे और एंबुलेंस
भागलपुर शहर के दक्षिणी क्षेत्र में भोलानाथ ओवरब्रिज निर्माण कार्य के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। रूट डायवर्जन के चलते भीखनपुर 12 नंबर गुमटी रेलवे फाटक पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया है। स्थिति यह है कि सुबह से देर रात तक बार-बार जाम लग रहा है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मालगाड़ियों के ठहराव से घंटों बंद रहता है रेलवे फाटक
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोहरी रेल लाइन होने के कारण इस मार्ग से लगातार ट्रेनों का आवागमन होता है। सिग्नलिंग व्यवस्था की समस्या के चलते कई बार मालगाड़ियों को रेलवे फाटक के पास ही रोक दिया जाता है। मालगाड़ी के लंबे समय तक खड़े रहने से फाटक बंद रहता है और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
जाम का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों और आपातकालीन सेवाओं पर पड़ रहा है। दोपहर के समय स्कूल वैन और बसें घंटों जाम में फंसी रहती हैं। वहीं मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस के भी जाम में फंसने से गंभीर स्थिति पैदा होने की आशंका बनी रहती है।
भोलानाथ ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होने के बाद मिरजानहाट, हबीबपुर, जगदीशपुर और गोराडीह मार्ग से आने-जाने वाले वाहनों को भीखनपुर 12 नंबर गुमटी की ओर मोड़ दिया गया है। संकरी सड़क और बार-बार बंद होने वाले रेलवे फाटक के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। फाटक खुलने के बाद दोनों ओर से वाहनों के एक साथ निकलने की कोशिश में स्थिति और खराब हो जाती है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इतनी व्यस्त जगह होने के बावजूद यहां पर्याप्त ट्रैफिक व्यवस्था नहीं है। लोगों ने मांग की है कि मालगाड़ियों को रिहायशी क्षेत्र के पास रोकने के बजाय रेलवे आउटर पर रोका जाए। इसके अलावा रेलवे फाटक के दोनों ओर ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती और ओवरब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आने वाले दिनों में जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है। भोलानाथ ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने तक वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को मजबूत करना बेहद जरूरी है।