शादीशुदा प्रेमिका के चक्कर में कलयुगी बेटे ने ली पिता की जान: कैंसर पीड़ित को पत्थरों से कूचकर झाड़ियों में फेंका

शादीशुदा प्रेमिका के चक्कर में कलयुगी बेटे ने ली पिता की जान: कैंसर पीड़ित को पत्थरों से कूचकर झाड़ियों में फेंका

बिहार के गयाजी में मानवीय रिश्तों को तार-तार कर देने वाला रूह कंपाने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल से बीमार पिता को सुरक्षित घर लाने के बजाय एक कलयुगी बेटे ने रास्ते में ही पत्थरों और लाठियों से सिर कूचकर उनकी जान ले ली। विष्णुपद थाना क्षेत्र से जुड़े इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आरोपी बेटे चंदन राज को करीब 20 दिनों की सघन जांच के बाद धर दबोचा है। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जांच में जो वजह सामने आई है, उसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है—दस साल बड़ी शादीशुदा प्रेमिका से अवैध संबंध और जमीन उसके नाम कराने के लिए चल रहा पारिवारिक विवाद ही इस खूनी वारदात की मुख्य जड़ बना।

मृतक की पहचान कृष्णा गुप्ता के रूप में हुई है, जो गंभीर ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे और काफी कमजोर हो चुके थे। पुलिस जांच के मुताबिक, चंदन का पिछले 10-12 सालों से पड़ोस में रहने वाली एक शादीशुदा और बच्चे की मां से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चंदन इस रिश्ते में इस कदर अंधा था कि उसने हाथ पर महिला का नाम गुदवा रखा था और अपनी 22 हजार की कमाई का बड़ा हिस्सा उस पर लुटाता था। महिला चंदन पर माता-पिता से अलग होने और परिवार की कीमती जमीन अपने नाम लिखवाने का लगातार दबाव बना रही थी, जिसका विरोध उसके पिता कृष्णा गुप्ता कर रहे थे। 24 सितंबर की रात अस्पताल से पिता को घर लाते समय चंदन उन्हें ओटीए (ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी) के पास सुनसान इलाके में ले गया और वहां लाठी, ईंट और भारी पत्थरों से हमला कर उनकी जान ले ली। इसके बाद शव को झाड़ियों में छिपाकर वह फरार हो गया।

वारदात के दो दिन बाद यानी 26 सितंबर को पुलिस ने झाड़ियों से अज्ञात शव बरामद किया था। परिजनों ने पहले ही विष्णुपद थाने में पिता और बेटे दोनों की गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिससे शुरुआती दौर में पुलिस को लगा कि दोनों का अपहरण या अनहोनी हुई है। हालांकि, तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगालने पर शक की सुई सीधे बेटे पर जा टिकी। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर चंदन को दबोचा तो उसने पूरी साजिश उगल दी। परिवार पहले ही 2021 में बड़े बेटे को सड़क हादसे में खो चुका था और अब दूसरे बेटे की इस करतूत ने परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। गयाजी के डीएसपी धर्मेंद्र भारती के अनुसार, फरार शादीशुदा प्रेमिका को इस पूरी साजिश की मुख्य सूत्रधार माना जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।