सोते परिवार पर टूटा आग का कहर, 6 महीने की बच्ची समेत 3 की दर्दनाक मौत
बिहार की राजधानी पटना के ग्रामीण इलाके बख्तियारपुर में शनिवार की देर रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया। पुरानी बाईपास स्थित एक साइकिल पार्ट्स की दुकान और उससे सटे रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लग गई।
लपटों ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। इस भयावह अग्निकांड में सास, बहू और छह महीने की दुधमुंही बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई।
दमकल टीम के पहुंचने से पहले उजड़ गया परिवार
घटना पुरानी बाईपास स्थित स्थानीय दुकानदार पंकज कुमार के मकान में घटी, जहां दुकान के पीछे ही उनका परिवार रहता था। आग इतनी विकराल थी कि चंद मिनटों में सब कुछ खाक हो गया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पंकज कुमार की मां गीता देवी (70 वर्ष), पत्नी रीमा देवी (45 वर्ष) और छह महीने की भतीजी सुंदरी कुमारी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल की गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक तीनों जिंदा जल चुके थे।
छत से कूदकर बची माता-पिता की जान
हादसे का शिकार हुई छह महीने की मासूम बच्ची अपने माता-पिता के साथ नवादा के हिसुआ से बख्तियारपुर स्थित रिश्तेदारी में आई हुई थी। आग की लपटों से घिरे बच्ची के पिता शिवम कुमार और मां मोनी कुमारी ने जान बचाने के लिए मकान की छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने से मोनी कुमारी का पैर टूट गया और शिवम भी चोटिल हो गए। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।