कलयुगी बेटे की खौफनाक करतूत! देर रात 60 वर्षीय मां को जिंदा जलाकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार
बिहार की राजधानी पटना के खाजेकलां थाना क्षेत्र स्थित दीवान मोहल्ले में शनिवार की देर रात रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां देर रात करीब 2:25 बजे 60 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की कथित तौर पर जिंदा जलाकर नृशंस हत्या कर दी गई।
मृतका की पहचान रेखा देवी के रूप में की गई है, जो ननकी साहनी की पत्नी थीं। आधी रात को अचानक भड़की आग और चीख-पुकार सुनकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर खाजेकलां थाने की पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
कलयुगी बेटे पर लगा मां को जिंदा जलाने का आरोप
प्राप्त विवरण के अनुसार, रेखा देवी दीवान मोहल्ले में मकान मालिक बसंत लाल के मकान में किराए पर रहती थीं। पुलिस द्वारा की गई शुरुआती पड़ताल में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि इस वीभत्स वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि मृतका का सगा बेटा ही है। मामले की पुष्टि करते हुए पटना सिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) राज किशोर सिंह ने बताया कि रेखा देवी की उनके ही बेटे द्वारा कथित रूप से आग लगाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को मौके से गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है।
नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा गया शव, फॉरेंसिक जांच तेज
सहायक पुलिस अधीक्षक राज किशोर सिंह ने जानकारी दी कि मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन इस जघन्य हत्याकांड के हर एक पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रहा है। घटना के पीछे की असली वजह क्या थी, घरेलू विवाद था या कोई अन्य कारण, और किन परिस्थितियों में आग लगाई गई—इन सभी बिंदुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटनास्थल से फॉरेंसिक नमूने एकत्र किए गए हैं और आसपास के पड़ोसियों से भी गहन पूछताछ की जा रही है ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को आपस में जोड़ा जा सके। फिलहाल जांच जारी है।