भागलपुर में 25 साल बाद बनी 1 करोड़ की सड़क 2 महीने में ध्वस्त, इंजीनियर को ढूंढ रही जनता

भागलपुर में 25 साल बाद बनी 1 करोड़ की सड़क 2 महीने में ध्वस्त, इंजीनियर को ढूंढ रही जनता

बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (BUIDCO) के दावों और कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में कराया गया करोड़ों रुपये का निर्माण कार्य पहली ही बारिश में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निर्माण में बड़े पैमाने पर धांधली और घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ है, जिससे सड़क की ऊपरी परत उधड़ गई है और चारों तरफ बदहाली का मंजर है।

25 साल के लंबे इंतजार के बाद मिली थी ₹1.03 करोड़ की परियोजना

स्थानीय नागरिक रवि कुमार, संजय कुमार, प्रकाश शर्मा, बबलू शर्मा और महेश शर्मा के अनुसार, भागलपुर नगर निगम के त्रिमूर्ति चौक (गुमटी नंबर 02, भीखनपुर) से रेलवे ढाला (गुमटी नंबर 12) तक सड़क व नाले का निर्माण करीब 25 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद नसीब हुआ था।

वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के लिए 1,03,18,319 रुपये (एक करोड़ तीन लाख अट्ठारह हजार तीन सौ उन्नीस रुपये) का भारी-भरकम एग्रीमेंट हुआ था। जनता को जलजमाव से मुक्ति की आस थी, लेकिन निर्माण के महज दो महीने के भीतर ही सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगी हैं।

इंजीनियरिंग का गजब कारनामा: नाला और कल्वर्ट तो बना दिया, पर सुराख छोड़ना भूले

इस योजना का सबसे हैरान करने वाला पहलू इसका अजीबोगरीब इंजीनियरिंग डिजाइन है। सड़क किनारे पानी की निकासी के लिए नाला तो बनाया गया और उसके ऊपर भारी-भरकम कल्वर्ट (पुलिया) भी डाल दिए गए, लेकिन इंजीनियर और ठेकेदार कल्वर्ट में बारिश का पानी जाने के लिए सुराख (होल) छोड़ना ही भूल गए। नतीजा यह है कि बारिश का सारा पानी नाले के अंदर जाने के बजाय पूरी तरह सड़क पर ही बहता रहता है और जलभराव की स्थिति बनी रहती है।

घरों में घुसा गंदा पानी, 12 नंबर गुमटी इलाका बना तालाब

इंजीनियरिंग की इस भयंकर लापरवाही का खामियाजा पूरे इलाके की बड़ी आबादी को भुगतना पड़ रहा है। कल्वर्ट में सुराख न होने से मामूली बारिश में भी सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाता है। इसके चलते बुनियादी स्कूल गली में भयंकर जलजमाव हो गया है, जबकि शिवाला गली के घरों के अंदर नाले और बारिश का बदबूदार गंदा पानी घुस रहा है। 12 नंबर गुमटी के आसपास का पूरा इलाका तालाब में तब्दील हो चुका है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है।

Latest Posts