पिस्तौल सटाकर रोकी गाड़ी और लोहे की रॉड से हमला: बिहार में अपराधियों ने अधिकारी को उतारा मौत के घाट
बिहार की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार की अपराधियों ने पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात को अंजाम दी गई। घटना के बाद से दोनों जिलों के पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस अधिकारियों की टीमें ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।
पिस्तौल सटाकर रोकी गाड़ी और लोहे की रॉड से बोला हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार शनिवार को डेहरी के ललन सिंह स्पोर्टिंग क्लब में आयोजित 'एक शाम शहीदों के नाम' कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपनी सरकारी गाड़ी से पटना के लिए रवाना हुए थे। देर रात जब उनकी गाड़ी बारुण थाना क्षेत्र के धनौती पुल के पास पहुंची, तो पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूर तक ओवरटेक करने के बाद बेखौफ अपराधियों ने गाड़ी के ड्राइवर की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद बदमाशों ने गाड़ी में बैठे विमल कुमार पर लाठी-डंडों और लोहे की भारी रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान चालक किसी तरह वहां से भाग निकला, जिसे पुलिस ने बाद में हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल विमल कुमार को तुरंत डेहरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NCH) रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शीर्ष अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, संयुक्त जांच शुरू
एक अधिकारी की इस तरह सरेराह हत्या की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले में कोहराम मच गया। रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, औरंगाबाद के एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा, सासाराम की एसडीएम नेहा कुमारी और डेहरी के एसडीएम निलेश कुमार समेत कई बड़े पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी फौरन मौके पर पहुंचे और हालातों का जायजा लिया।