दहेज के लिए विवाहिता की संदिग्ध मौत: ससुराल वाले मांग रहे थे KTM बाइक, प्रताड़ना का वीडियो भेजने के बाद गई जान

दहेज के लिए विवाहिता की संदिग्ध मौत: ससुराल वाले मांग रहे थे KTM बाइक, प्रताड़ना का वीडियो भेजने के बाद गई जान

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न और संदिग्ध मौत का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मिल बहुअरी वार्ड नंबर 23 में एक नवविवाहिता की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही रामनगर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया है।

मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने के चलते सुनियोजित तरीके से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू से जांच में जुट गई है।

शादी में दिए थे 8 लाख के कैश-जेवर, फिर भी KTM बाइक की थी जिद

मृतका की शिनाख्त संतारा खातून के रूप में की गई है। मृतका की मां सोनी खातून ने अपने दामाद सफराज आलम और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बेटी की शादी महज एक साल पहले ही धूमधाम से हुई थी। शादी के समय उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक करीब 3 लाख रुपये नकद और लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात उपहार स्वरूप दिए थे। परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद सफराज और उसके परिजन संतुष्ट नहीं थे और लगातार दहेज के रूप में महंगी KTM स्पोर्ट्स बाइक की मांग को लेकर दबाव बना रहे थे।

मौत से पहले भेजा था पिटाई का वीडियो, मायके वालों का छलका दर्द

परिजनों का कहना है कि जब संतारा के परिवार ने बाइक देने में असमर्थता जताई, तो ससुराल में उसके साथ अमानवीय व्यवहार शुरू कर दिया गया। उसे आए दिन मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और बेरहमी से पीटा जाता था। मृतका की मां ने रोते हुए एक वीडियो भी दिखाया और दावा किया कि कुछ दिन पहले ही संतारा ने ससुराल में हो रही मारपीट और अपनी बेबसी का यह वीडियो छिपकर रिकॉर्ड किया था और अपने मायके भेजकर जान बचाने की गुहार लगाई थी। इसके कुछ ही समय बाद उसकी संदिग्ध मौत की खबर मायके पहुंची।

वारदात के बाद ससुराल वाले फरार, पुलिस कर रही छापेमारी

वारदात के बाद से ही आरोपी पति सफराज आलम समेत ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर मौके से फरार बताए जा रहे हैं। रामनगर थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेजा गया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का वैज्ञानिक खुलासा हो सके। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मृतका के परिजनों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस की विशेष टीमें फरार पति और ससुराल वालों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, साथ ही स्थानीय पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ जारी है।