मजदूरी छोड़ दूसरे के यहां काम करना पड़ा भारी, पति को सरेआम गोली मारकर गाड़ी में लादकर ले गया आरोपी
बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जोगिया गांव में मजदूरी के एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया है। मजदूरी का काम एक घर से छोड़कर दूसरे के यहां करने की बात को लेकर उपजे रंजिश के चलते एक ग्रामीण अजीत तिवारी ने मजदूर के बुजुर्ग पिता चंदेश्वर चौधरी को गोली मार दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया है और पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं।
गोली मारने के बाद घायल को लेकर भागे आरोपी, घर में लगाई आग
मिली जानकारी के मुताबिक मनियारी गांव के रहने वाले साठ वर्षीय चंदेश्वर चौधरी अपने पड़ोसी केदार चौधरी के साथ बाइक पर सवार होकर जोगिया गांव गए थे। जैसे ही चंदेश्वर चौधरी वहां पहुंचे, आरोपी अजीत तिवारी ने उन्हें अपने दरवाजे पर बुलाया और घर के भीतर से बंदूक लाकर उन पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से वे लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी खून से लथपथ चंदेश्वर को अपनी गाड़ी में लादकर कहीं फरार हो गया।
इस दुस्साहसिक वारदात से गुस्साए ग्रामीणों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर पर धावा बोल दिया और उसकी चारदीवारी के भीतर खड़े हार्वेस्टर, कार तथा ट्रैक्टर समेत कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। हमले की इस दहशत के बाद पीड़ित परिवार के अन्य सदस्य भी अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले।
भारी पुलिस बल तैनात, घर से हथियार बरामद
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस बल जोगिया गांव पहुंच गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से दो बंदूकें और भारी मात्रा में गोलियां भी बरामद की हैं। मौके पर घायल बुजुर्ग की पत्नी बिमला देवी और उनके बेटे दीपक चौधरी तथा पृथ्वी चौधरी भी पहुंच चुके हैं।
हालात की नजाकत को देखते हुए घटनास्थल पर रोहतास के एसपी रौशन कुमार, बिक्रमगंज एसडीएम दिलीप कुमार, एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह, दिनारा बीडीओ कुलदीप कुमार विभूति, सीओ अरुण कुमार सिंह के अलावा दिनारा, नटवार, भानस, सूरजपुरा, संझौली, कोचस और दावथ थानों की पुलिस कैंप कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।