img

Meerut. मेरठ में परचून की दुकान में भ्रूण लिंग परीक्षण केंद्र चलाए जाने का सनसनीखेज भंडाफोड़ हुआ है। सोनीपत और मेरठ की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गोरखधंधे में शामिल एक महिला नजर बचाकर पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन लेकर फरार हो गई। पकड़े गए आरोपियों में बसपा जिलाध्यक्ष का साला भी है। परतापुर थाना पुलिस ने इस मामले में बसपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुभाष प्रधान सहित सात के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

BSP जिलाध्यक्ष

सोनीपत और मेरठ के स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मेरठ के परतापुर क्षेत्र में मोहिउद्दीनपुर चौराहा स्थित एक परचून की दुकान पर छापा मारा। दुकान के पीछे भ्रूण लिंग परीक्षण केंद्र चल रहा था। अमित निवासी नई बस्ती, सोनू निवासी बड़ौत, सतीश निवासी गांव लिसाड़ी और मकान मालिक मुकेश निवासी मोहिउद्दीनपुर को गिरफ्तार किया गया।

टीम ने 14 हजार रुपये के वह नोट भी बरामद किए, जो स्वास्थ्य टीम द्वारा तैयार की गई कथित गर्भवती महिला ने भ्रूण जांच के लिए दिए थे। सोनीपत के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आदर्श शर्मा ने बताया कि भारती नामक महिला हमारे पहुंचने से पहले ही पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन लेकर भाग निकली।

इस मामले में मेरठ के प्रभारी पीसीपीएनडीटी/सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार गौतम ने डॉ. योगेंद्र पंवार, अमित, सोनू, मुकेश, भारती और श्रवण हॉस्पिटल के संचालक सुभाष के खिलाफ विभिन्न धाराओं में परतापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। डॉ. सुभाष प्रधान बसपा जिलाध्यक्ष है, जबकि गिरफ्तार सतीश उनका साला है। परतापुर इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।