इस देश में गैस के लिए त्राही-त्राही; एक सिलेंडर 8 हजार का, भारत में आज भी सिर्फ 942; जानिए पूरा फर्क

इस देश में गैस के लिए त्राही-त्राही; एक सिलेंडर 8 हजार का, भारत में आज भी सिर्फ 942; जानिए पूरा फर्क

ईरान की तरफ से गैस सप्लाई बंद होने के बाद पड़ोसी देश पाकिस्तान में एलपीजी को लेकर भारी हाहाकार मचा हुआ है। गैस का संकट इतना गहरा गया है कि पाकिस्तान में रसोई गैस आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुकी है। हालात ये हैं कि लाहौर में जो 12 किलो का एलपीजी सिलेंडर कुछ दिन पहले तक 4,500 पाकिस्तानी रुपये में मिल रहा था, वह अब उछलकर 7,500 रुपये का हो गया है।

वहीं स्कार्दू जैसे इलाकों में तो इसकी कीमत 8,200 रुपये के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गई है। दिलचस्प बात यह है कि इस वैश्विक उठापटक का भारत पर कोई असर नहीं पड़ा है। आज भी राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो का घरेलू गैस सिलेंडर मात्र 942 रुपये में उपलब्ध है। अगर एक्सचेंज रेट (1 भारतीय रुपया = 2.91 पाकिस्तानी रुपये) के हिसाब से देखें, तो भारत का यह सिलेंडर पाकिस्तानी मुद्रा में लगभग 2,743 रुपये का बैठता है, जो वहां की मौजूदा कीमतों से कई गुना सस्ता है।

पाकिस्तान में आए इस अचानक संकट की मुख्य वजह ईरान सीमा का बंद होना है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक 17 अक्टूबर से पाकिस्तान और ईरान के बीच गैस सप्लाई वाले दो प्रमुख बॉर्डर रूट पूरी तरह ठप हैं। इस नाकेबंदी को लेकर दोनों देशों के अपने-अपने तर्क हैं। पाकिस्तान का कहना है कि उसने तस्करी रोकने और सुरक्षा कारणों से सीमाएं सील की हैं, जबकि ईरान इसके पीछे तकनीकी खराबी का हवाला दे रहा है।

सप्लाई रुकने का सीधा फायदा वहां के कालाबाजारियों को मिल रहा है। हालांकि पाकिस्तान के ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) ने 11.8 किलो वाले सिलेंडर की सरकारी कीमत 3,296 रुपये तय की है, लेकिन बाजार में इसकी धड़ल्ले से दोगुनी और तिगुनी कीमत वसूली जा रही है।

भारत की बात करें तो यहां एलपीजी बाजार पूरी तरह से स्थिर और सुरक्षित है। दिल्ली में जहां घरेलू सिलेंडर 942 रुपये का है, वहीं 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर 2,810 रुपये पर बना हुआ है। मुंबई में घरेलू गैस 941.50 रुपये, चेन्नई में 957.50 रुपये और अहमदाबाद में 949 रुपये में मिल रही है। भारत में घरेलू गैस की कीमतों में आखिरी बदलाव 7 जून को हुआ था, जबकि कमर्शियल गैस के दाम 1 अक्टूबर को अपडेट किए गए थे। इसी बीच भारतीय एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आ रही है। 21 अक्टूबर को मुंबई में हुई एक अहम बैठक में इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने डिस्ट्रीब्यूटर कमीशन बढ़ाने की संयुक्त सिफारिश पर सहमति जताई है। जल्द ही पेट्रोलियम मंत्रालय से इस अंतरिम बढ़ोतरी को हरी झंडी मिल सकती है।