अखिलेश के गढ़ इटावा में AIMIM का बड़ा धमाका, आजम खान के बिरयानी वाले तंज पर ऐसे दिया जवाब
up के आगामी 2027 विधानसभा चुनावों से पहले सियासी बयानबाजी अब सीधे व्यंजनों के स्वाद तक जा पहुंची है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के 'हैदराबादी बिरयानी' वाले तंज पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के गृह जनपद इटावा में बड़ा सियासी पलटवार किया है। रविवार को इटावा के मुस्लिम बहुल इलाके नई बस्ती में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों लोगों के लिए भव्य स्तर पर 'हैदराबादी बिरयानी' की दावत आयोजित की। इस कार्यक्रम में भरथना, जसवंतनगर और इकदिल सहित आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में लोग पहुंचे, जहां असदुद्दीन ओवैसी के पोस्टरों के बीच तीखे राजनीतिक संदेश दिए गए।
आयोजन की अगुवाई कर रहे AIMIM जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यूपी का मुस्लिम समुदाय अब केवल राजनीतिक दलों के लिए 'दरी बिछाने' का काम नहीं करेगा, बल्कि अपने स्वतंत्र नेतृत्व की पहचान बनाएगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी और 'हैदराबादी बिरयानी' का असर मुरादाबादी बिरयानी व पुलाव पर भारी पड़ेगा। दरअसल इस सियासी विवाद की शुरुआत आजम खान की रिहाई के बाद हुई थी, जब उन्होंने रामपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ओवैसी की यूपी में सक्रियता पर तंज कसते हुए कहा था कि इस क्षेत्र के लोगों को हैदराबादी बिरयानी रास नहीं आती, यहां के लोग मुरादाबादी मटन बिरयानी और पुलाव पसंद करते हैं। साथ ही उन्होंने ओवैसी को मौलाना कहे जाने पर टोकते हुए उन्हें केवल बैरिस्टर बताया था।
आजम खान के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने दो टूक जवाब दिया कि राजनीति खाने-पीने के शौकों पर नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने पर टिकी होनी चाहिए। ओवैसी ने 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों और दादरी के बिसाहड़ा कांड की याद दिलाते हुए कहा कि वे जमीन पर पीड़ितों को इंसाफ दिलाने आए हैं। सियासी जानकारों का मानना है कि जहां आजम खान के सक्रिय होने से सपा अपने पारंपरिक मुस्लिम मतदाताओं को लामबंद करने में जुटी है, वहीं ओवैसी और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की 'आजाद समाज पार्टी' का संभावित दलित-मुस्लिम गठजोड़ सपा के सबसे मजबूत गढ़ों में भी सीधा सेंध लगाने की रणनीति पर काम कर रहा है।