Airtel का विदेश जाने वालों को तोहफा, सभी पोस्टपेड प्लान्स पर फ्री इंटरनेशनल रोमिंग, जानें कैसे मिलेगा लाभ
विदेश यात्रा की योजना बना रहे भारतीय मोबाइल यूजर्स के लिए एयरटेल ने बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने अपने सभी पोस्टपेड प्लान्स के साथ कॉम्प्लिमेंटरी इंटरनेशनल रोमिंग की सुविधा जोड़ने की घोषणा की है। वोडाफोन-आइडिया द्वारा 176 देशों में रोमिंग सुविधा देने के बाद एयरटेल ने यह कदम उठाकर अपने ग्राहकों को सीधा फायदा पहुंचाया है। अब नए और पुराने दोनों पोस्टपेड सब्सक्राइबर्स को विदेश में लैंड करते ही अलग से भारी-भरकम रोमिंग पैक खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस फ्री इंटरनेशनल रोमिंग ऑफर के तहत यूजर्स को 5 दिनों की वैलिडिटी के साथ 5GB हाई-स्पीड डेटा मिलेगा। बातचीत के लिए 60 फ्री कॉलिंग मिनट्स दिए जा रहे हैं, जिन्हें इनकमिंग और आउटगोइंग दोनों कॉल्स के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके साथ 25 आउटगोइंग SMS की सुविधा मिलेगी, जबकि इनकमिंग SMS पूरी तरह फ्री और अनलिमिटेड रहेंगे। नियम व शर्तों के अनुसार, एक सिम कार्ड पर साल में एक बार ही इस कॉम्प्लिमेंटरी पैक का लाभ लिया जा सकता है।
यह सुविधा एयरटेल के सभी इंडिविजुअल और फैमिली पोस्टपेड प्लान्स पर उपलब्ध कराई गई है। इसमें 499 रुपये का सिंगल सिम इंडिविजुअल प्लान, 749 रुपये का 2-सिम फैमिली प्लान, 1049 रुपये का 3-सिम प्लान, 1249 और 1449 रुपये के 4-सिम प्लान्स के अलावा 1799 रुपये का 5-सिम प्रीमियम फैमिली प्लान शामिल है। इन सभी प्लान्स में घरेलू अनलिमिटेड कॉलिंग, डेटा और OTT सब्सक्रिप्शन के साथ-साथ हर सिम के लिए साल में एक इंटरनेशनल ट्रिप पर यह फ्री रोमिंग लाभ मिलेगा।
इस ऑफर को एक्टिवेट करने की प्रक्रिया काफी सरल है। पुराने पोस्टपेड या प्रीपेड यूजर्स सबसे पहले Airtel Thanks ऐप पर जाकर इन नए पोस्टपेड प्लान्स में स्विच कर सकते हैं। इसके बाद अपनी विदेश यात्रा शुरू होने से ठीक पहले ऐप के इंटरनेशनल रोमिंग सेक्शन में जाकर इसे एक्टिवेट किया जा सकता है। एक्टिवेट होते ही अगले 5 दिनों तक यह सर्विस विदेश में बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के चालू रहेगी।