वेटरनरी ऑफिसर के 787 पदों पर बंपर भर्ती, लेवल-9 पे-स्केल; जानें आवेदन का पूरा प्रोसेस

वेटरनरी ऑफिसर के 787 पदों पर बंपर भर्ती, लेवल-9 पे-स्केल; जानें आवेदन का पूरा प्रोसेस

बिहार में सरकारी सेवा में जाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) ने पशु चिकित्सा विभाग के तहत टूरिंग वेटरिनरी ऑफिसर और समकक्ष पदों पर कुल 787 रिक्तियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। ये बहाली डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के अंतर्गत बिहार पशु चिकित्सा सेवा के बेसिक कैडर में की जा रही है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग के आधिकारिक पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकते हैं।

भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 से चालू है और अभ्यर्थी 23 अक्टूबर 2026 तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम समय में सर्वर पर लोड बढ़ने से बचने के लिए उम्मीदवार समय रहते आवेदन पूरा कर लें। आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई शैक्षणिक योग्यता और नियमों को ठीक से जांचना जरूरी है।

वेतनमान की बात करें तो चयनित अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के पे लेवल-9 के तहत सैलरी मिलेगी, जिसका पे-बैंड 53,100 रुपये से लेकर 1,67,800 रुपये तक तय है। इसके अलावा सभी वर्गों के लिए आवेदन शुल्क महज 100 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से जमा करना होगा।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित और महिला श्रेणियों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा 37, 40 और 42 वर्ष तय की गई है। आरक्षण और उम्र छूट के नियम राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप रहेंगे। योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) के जरिए किया जाएगा, जिसके बाद मेरिट सूची तैयार होगी। पशु चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए बिहार सरकार में राजपत्रित स्तर के समकक्ष पद पर जाने का यह एक बेहतरीन मौका है।