3 महीने में 10 लाख AC बेच डाले, इधर EV का मिला बड़ा ऑर्डर; Tata की इन कंपनियों के शेयर बाजार में दौड़े
उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ भीषण गर्मी और 45 डिग्री के पार जाते पारे ने भले ही आम जनता को बेहाल कर रखा हो, लेकिन इसके चलते कॉरपोरेट जगत में टाटा ग्रुप (Tata Group) की कंपनियों की चांदी हो गई है. सोमवार के कारोबारी सत्र में टाटा ग्रुप की दो प्रमुख कंपनियों के शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली.
इस तेजी की मुख्य वजह एक तरफ जहां वोल्टास (Voltas) द्वारा रिकॉर्ड तोड़ AC की बिक्री करना है, वहीं दूसरी तरफ टाटा मोटर्स (Tata Motors) को मिला इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) का एक बहुत बड़ा ऑर्डर है.
कितने भागे टाटा की इन कंपनियों के शेयर्स?
इन दोनों ही पॉजिटिव खबरों का असर सोमवार सुबह शेयर बाजार खुलते ही टाटा की कंपनियों पर साफ देखने को मिला:
-
TMPV (टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स): सुबह करीब 10:30 बजे कंपनी के शेयर 2.46% की तेजी के साथ ₹368.25 के भाव पर ट्रेड कर रहे थे.
-
TMCV (टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स): कमर्शियल वाहनों का ऑर्डर होने के कारण इस कंपनी के शेयर भी 1 फीसदी के उछाल के साथ ₹408 पर कारोबार करते दिखे.
-
Voltas (वोल्टास लिमिटेड): रूम एसी मेकर दिग्गज कंपनी वोल्टास के शेयरों में 1.79 फीसदी (करीब ₹24) की बढ़त दर्ज की गई और शेयर ₹1,366 के भाव के आसपास पहुंच गए.
वोल्टास ने AC सेल्स में रच दिया नया इतिहास
टाटा ग्रुप की होम अप्लाइंस कंपनी वोल्टास ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती तीन महीनों (अप्रैल, मई और जून) के भीतर ही 10 लाख (1 मिलियन) रूम एयर कंडीशनर (RAC) बेचने का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है.
चुनौतियों के बाद भी बंपर मांग: साल 2025 में बेमौसम हुई बारिश के कारण एसी की बिक्री सुस्त रही थी, लेकिन इस साल की गर्मी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. हालांकि, 1 जनवरी 2026 से लागू हुए बीईई (BEE) के नए एनर्जी लेबलिंग नियमों, कॉपर-प्लास्टिक की बढ़ती कीमतों और वेस्ट एशिया संकट के कारण समुद्री माल ढुलाई महंगी होने से एसी के दाम इस साल बढ़े हैं, फिर भी ग्राहकों की भारी मांग के आगे यह महंगाई फीकी साबित हुई.
वोल्टास के मैनेजिंग डायरेक्टर मुकुंदन मेनन ने इस ऐतिहासिक कामयाबी का श्रेय कंपनी के नए एआई-इनेबल्ड (AI-Enabled) एसी रेंज, मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और बेहतरीन मार्केटिंग को दिया है.
टाटा मोटर्स को मिला 3,400+ कमर्शियल EVs का महा-ऑर्डर
इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेगमेंट में अपनी बादशाहत को और मजबूत करते हुए टाटा मोटर्स ने अलग-अलग कैटेगरी के लिए 3,400 से अधिक इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों का ऑर्डर मिलने की घोषणा की है. यह ऑर्डर भारत के लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट सेक्टर में तेजी से होते ग्रीन मोबिलिटी के बदलाव को दर्शाता है.
ऑर्डर्स का पूरा ब्योरा:
-
छोटे कमर्शियल वाहन और पिक-अप: लगभग 2,000 यूनिट्स (मुख्य रूप से ई-कॉमर्स और सिटी डिलीवरी के लिए).
-
इलेक्ट्रिक ट्रक: करीब 900 भारी ट्रक (सीमेंट, स्टील और माइनिंग ऑपरेशन्स के लिए).
-
इलेक्ट्रिक बसें: करीब 500 बसें (शहर के अंदर पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए).
टाटा मोटर्स का 'ऐस प्रो ईवी', 'इंट्र ईवी' (छोटे वाहन), 'प्राइमा ईवी' (भारी ट्रक) और 'स्टारबर ईवी' (बसें) का बेड़ा भारतीय सड़कों पर पहले से ही अपनी धाक जमाए हुए है, जिसकी कुल गाड़ियां अब तक 55 करोड़ किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर चुकी हैं.