दुबई एयरपोर्ट पर SpiceJet पर चला डंडा; चेक-इन बंद, 35 करोड़ के बकाए ने रोकी उड़ानों की रफ्तार
भारत की प्रमुख बजट एयरलाइन स्पाइसजेट की आर्थिक स्थिति लगातार नाजुक मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है। भारी वित्तीय देनदारियों के चलते दुबई एयरपोर्ट ऑपरेटर ने एयरलाइन पर कड़ा एक्शन लेते हुए 12 नवंबर से उसकी सभी चेक-इन सेवाओं पर रोक लगा दी है। स्पाइसजेट पर एयरपोर्ट ऑपरेटर का करीब 14 मिलियन दिरहम (लगभग 35.8 करोड़ रुपये) बकाया है। तय समय सीमा बीतने के बावजूद भुगतान न होने की सूरत में चेक-इन काउंटर बंद कर दिए गए, जिसके बाद दुबई से भारत आने वाली कई उड़ानों को अचानक रद्द करना पड़ा और सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए।
रिपोर्ट्स के अनुसार, स्पाइसजेट की तरफ से 13 अक्टूबर के बाद से दुबई एयरपोर्ट ऑपरेटर को कोई भुगतान नहीं भेजा गया था। इस पर संज्ञान लेते हुए 9 नवंबर को ऑपरेटर ने चेतावनी दी थी कि यदि 12 नवंबर तक बकाया क्लीयर नहीं किया गया तो परिचालन बंद कर दिया जाएगा।
समय सीमा खत्म होने पर सेवाएं रोक दी गईं, हालांकि मानवीय आधार पर अहमदाबाद (SG-5115) और दिल्ली (SG-5106) जाने वाली दो उड़ानों को अंतिम समय पर रवाना होने की छूट दी गई। चेक-इन रुकने के तुरंत बाद स्पाइसजेट के स्टेशन मैनेजर ने 12 नवंबर को दुबई से मुंबई, दिल्ली, जयपुर और अमृतसर की उड़ानों को रद्द करने का फरमान जारी किया, जिन्हें खाली (फेरी फ्लाइट्स के तौर पर) भारत लाने की योजना बनी। यात्रियों को पूर्व सूचना न देने पर दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने नाराजगी जताते हुए स्टेशन मैनेजर को तलब किया और फंसे मुसाफिरों के ठहरने, भोजन व वैकल्पिक टिकट की व्यवस्था कराने के सख्त निर्देश दिए।
स्पाइसजेट का यह ताजा संकट लंबे समय से जारी वित्तीय और परिचालन समस्याओं का हिस्सा है। वर्तमान में एयरलाइन के सक्रिय बेड़े में महज 12 विमान बचे हैं, जिनमें से तीन पहले ही बकाए के चलते ग्राउंडेड हो चुके हैं। रोजाना शेड्यूल की जाने वाली लगभग 65 उड़ानों में से 15 से 20 उड़ानें लगातार रद्द हो रही हैं, जबकि कई उड़ानें घंटों की देरी से चल रही हैं।
देनदारियों के चलते ईंधन और ग्राउंड-हैंडलिंग के लिए कंपनी को एडवांस पेमेंट पर निर्भर होना पड़ रहा है। उधर कर्मचारियों का वेतन भी महीनों से अटका हुआ है, जिसका सीधा असर ऑपरेशंस पर पड़ रहा है। सितंबर 2025 तिमाही में स्पाइसजेट को 621 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा झेलना पड़ा था और उसका राजस्व 13.4 फीसदी गिरकर 792 करोड़ रुपये रह गया था, जिसके बाद से वित्तीय नतीजों को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है।