पंजाब चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर, अमित शाह और सुखबीर बादल की सीक्रेट मीटिंग की चर्चाएं तेज
पंजाब में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी बिसात बिछने लगी है। राज्य के राजनीतिक गलियारों में इस समय भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के दोबारा हाथ मिलाने की चर्चाएं चरम पर हैं। सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आ रही है कि शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के बीच एक अहम बैठक हो सकती है।
इस संभावित मुलाकात को लेकर सुखबीर बादल ने शुक्रवार के अपने सभी पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं, जिसमें शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की पूर्व अध्यक्ष बीबी जागीर कौर को पार्टी में दोबारा शामिल कराने का मुख्य कार्यक्रम भी शामिल था। हालांकि मीटिंग की जगह को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि बीजेपी के पंजाब चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल भी इस चर्चा में मौजूद रह सकते हैं।
केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने एनडीए से अपना दशकों पुराना नाता तोड़ लिया था। इसके बाद 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने अलग-अलग किस्मत आजमाई, लेकिन नतीजा बेहद निराशाजनक रहा। अकाली दल महज तीन सीटों पर सिमट गया, जबकि बीजेपी केवल दो सीटें ही जीत पाई। 2024 के लोकसभा चुनावों में भी दोनों के साथ आने की सुगबुगाहट थी, मगर सीट शेयरिंग और शर्तों पर बात न बनने के कारण दोनों ने अलग राह चुनी। अब राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को कड़ी चुनौती देने के लिए दोनों खेमों में नरमी के संकेत मिल रहे हैं। सुखबीर बादल ने हाल ही में साफ कहा था कि आप और कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने के लिए वे समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन करने से पीछे नहीं हटेंगे।
बीजेपी के कई स्थानीय नेता भी जमीनी स्तर पर अकाली दल के साथ दोबारा तालमेल बिठाने के पक्ष में नजर आ रहे हैं, हालांकि पार्टी का आधिकारिक रुख अब तक अकेले दम पर चुनाव लड़ने का ही रहा है। राज्य में फरवरी-मार्च के दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के साथ ही चुनावी बिगुल बजने के आसार हैं। ऐसे में अगर दोनों पुराने सहयोगी अपनी कड़वाहट भुलाकर एक मंच पर आते हैं, तो यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि क्या यह गठबंधन पंजाब में अपनी खोई हुई सियासी जमीन और ग्रामीण वोट बैंक को दोबारा हासिल करने में कामयाब हो पाता है।