सीएसके नें मुंबई इंडियंस को इतने विकेट से हराया, मुंबई इंडियंस नें दिया…

img

दुबई, 20 सितंबर, यूपी किरण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें संस्करण के पहले मैच में धमाकेदार शुरुआत करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने मुंबई इंडियंस को पांच विकेट से हरा दिया। मुंबई द्वारा दिए गए 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई ने चार गेंदें शेष रहते इस लक्ष्य को 19.2 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।  इससे पहले, टॉस जीतकर चेन्नई ने मुंबई को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था। जिसके बाद मुंबई ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 162 रनों का स्कोर खड़ा किया था। मुंबई की ओर से सौरभ तिवारी ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। तिवारी के अलावा क्विंटन डि कॉक ने 33 और कीरोन पोलार्ड ने 18 रनों का योगदान दिया। चेन्नई की ओर से लुंगी एंगिडी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके।

वहीं, दीपक चहर और रविन्द्र जडेजा ने दो – दो विकेट हासिल किए।  लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके की टीम की हालत पहले ओवर से ही खराब हो गई। सीएसके के अनुभवी ओपनर शेन वॉटसन (4) और मुरली विजय (1) पहले और दूसरे ओवर में क्रमश ट्रेंट बोल्ट और जेम्स पैटिंसन का शिकार हो गए। शुरुआती झटकों के बाद अंबाती रायडू और फाफ डु प्लेसिस ने चेन्नई को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 115 रनों की शानदार साझेदारी की। रायडू 48 गेंदों में 71 रनों की बेहतरीन पारी खेल कर 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर राहुल चहर का शिकार बन गए। उन्होंने अपनी इस पारी में कुल छह चौके और तीन छक्के लगाए।

रायडू के आउट होने के बाद भी फाफ डटे रहे, और उन्होंने अंत में अपनी टीम को जीत दिला कर ही सांस ली। फाफ ने अपनी 58 रनों की पारी में छह चौके लगाए। रायडू के आउट होने के बाद युवा सैम करन ने चेन्नई की जीत में शानदार भूमिका निभाई। करन ने सिर्फ छह गेंदों पर दो छक्के और एक चौके की मदद से 18 रन बनाए। 18 वें ओवर में जब करन आउट हुए तो मैदान पर सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की एंट्री हुई। यह एक ऐसा लम्हा था जिसका इंतजार पूरी दुनिया को था। हालांकि, अपने छक्के से मैच खत्म करने वाले धोनी इस मुकाबले में खामोश रहे और वे दो गेंदों पर बिना कोई रन बनाए नाबाद लौटे। रायडू को उनकी शानदार पारी के लिए प्लयेर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।

Related News