
देहरादून॥ उत्तराखंड राज्य में स्थित पौड़ी गढ़वाल जिले के कीर्तिनगर में प्रशासन जरूरतमंदों के लिए मसीहा बन रहा है। SDM की पहल पर अफसरों ने सिल्काखाल क्षेत्र के नौड़ा धौलियाणा गांव की दिव्यांग महिला के घर पर राशन पहुंचा। इस दौरान महिला और उनके पिता भावुक हो उठे। बता दें कि दिव्यांग महिला को 1 वर्ष से पेंशन भी नहीं मिल रही है।
दरअसल, घास काटते वक्त करीबन 7 वर्ष पहले पहाड़ी से गिरने के कारण महिला की रीढ़ की हड्डी टूट गई थी। तब से वह अपने मायके धौलियाणा में पिता के घर रह रही है, जहां वह बिस्तर पर ही लेटी रहती है। राजस्व उपनिरीक्षक नरेश भट्ट ने ग्राम प्रधान नौड़ा धौलियाणा हेमलता के साथ दिव्यांग महिला के घर जाकर फ्री खाद्यान्न सामग्री पहुंचाई। राशन मिलने से महिला के साथ ही उसके पिता प्रेम सिंह भी भावुक हो उठे। ग्राम प्रधान ने तहसील प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
ग्राम प्रधान की कोशिशों से क्षेत्र के राशन कार्ड विहीन ग्रामीणों को भी तहसील प्रशासन की ओर से निश्शुल्क खाद्यान्न सामग्री के पैकेट दिए गए। सिरसेड के राजस्व उपनिरीक्षक एस शर्मा, सिरसेड के ग्राम प्रहरी वीरेंद्र सिंह और भगवती लाल भी ग्राम प्रधान हेमलता देवी के साथ इस अभियान में शामिल हैं। महिला के पिता ने बताया कि उनकी बेटी को बीते 1 वर्ष से पेंशन भी नहीं मिली है, जिस कारण उन्हें बहुत सी मुश्किलों का का सामना करना पड़ रहा है।