img

लखनऊ। देश में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। सोमवार को 17 स्थानों पर तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मनुष्य, पशु - पक्षी और पेड़ पौधे सब व्याकुल हैं। उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में लगातार भींषण गर्मी से लोगों का स्वास्थ्य और आजीविका प्रभावित हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से नमी आने के कारण तीन दिनों के बाद जानलेवा गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

IMD प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से नमी आने के कारण देश के उत्तर पश्चिम व मध्य भागों में गरज के साथ वर्षा होने और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है। इससे गर्मी से थोड़ी बहुत राहत मिलने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

IMD के मुताबिक़ जून में उत्तर पश्चिम भारत और मध्य क्षेत्र के आसपास के हिस्सों में सामान्य से ज्यादा दिनों तक लू का प्रकोप रहेगा। इसी तरह दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर जून में पूरे देश में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की उम्मीद है। सोमवार को राजस्थान का फलोदी 49.4 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा। राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है।

इसी तरह सोमवार को हरियाणा के सिरसा में पारा 48.4 डिग्री, दिल्ली के मुंगेशपुर में 48.8 डिग्री, पंजाब के बठिंडा में 48.4 डिग्री, उत्तर प्रदेश के झांसी में 48.1 डिग्री और मध्य प्रदेश के निवाड़ी में 48.7 डिग्री तक पहुंच गया। हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में भी लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और मंडी में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। 
 

--Advertisement--