थलापति विजय के नक्शेकदम पर चलेंगे धनुष? ब्लड डोनेशन कैंप के एक बयान ने बढ़ाई तमिल राजनीति की सरगर्मी
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार और जाने-माने डायरेक्टर-एक्टर धनुष के राजनीतिक मैदान में उतरने को लेकर अटकलें इन दिनों जोरों पर हैं। मशहूर अभिनेता थलापति विजय की राह पर चलते हुए धनुष के भी जल्द ही राजनीति में कदम रखने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हाल ही में उनके फैन क्लब द्वारा आयोजित एक विशाल ब्लड डोनेशन कैंप के दौरान धनुष ने कुछ ऐसा कहा, जिसने उनके संभावित राजनीतिक डेब्यू की चर्चाओं को एक बार फिर से हवा दे दी है।
कार्यक्रम के दौरान धनुष ने अपने फैंस की एकजुटता की दिल से तारीफ की और उनसे एक बड़ा आह्वान करते हुए कहा कि वे अपनी इस सामूहिक शक्ति का इस्तेमाल सिर्फ ऑडियो लॉन्च या फैन मीट-अप जैसे फिल्मी कार्यक्रमों तक ही सीमित न रखें, बल्कि इसका उपयोग समाज सेवा के कार्यों में करें। उन्होंने फैंस से यह भी आग्रह किया कि वे अपने परिवारों और आसपास के पड़ोसियों की जरूरतों को समझें और हरसंभव उनकी मदद के लिए आगे आएं।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, क्या नई पार्टी का ऐलान करेंगे धनुष?
धनुष का यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही आग की तरह वायरल हो गया, जिसके बाद आम जनता और उनके फैंस के बीच तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गईं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर कई यूजर्स ने धनुष के राजनीति में आने की संभावनाओं पर खुलकर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।
एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि ऐसा लगता है जैसे राजनीति में आने वाले अभिनेताओं की कतार लंबी होती जा रही है और हर कोई थलापति विजय के नक्शेकदम पर चलना चाहता है। वहीं, एक अन्य यूजर ने इस विचार का स्वागत करते हुए कमेंट किया कि तमिलनाडु की राजनीति को आज पढ़े-लिखे और अनुशासित नेतृत्व की सबसे ज्यादा जरूरत है। कुछ अति-उत्साही फैंस तो यहां तक कयास लगा रहे हैं कि धनुष आने वाले समय में अपनी खुद की एक नई राजनीतिक पार्टी लॉन्च करने की घोषणा कर सकते हैं।