7 करोड़ के बजट में 46 करोड़ की कमाई: जब नाना पाटेकर की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रचा था इतिहास
भारतीय सिनेमा में अपनी बेबाक अदाकारी और दमदार डायलॉग डिलीवरी से पहचान बनाने वाले दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का नाम जब भी स्क्रीन पर आता है, दर्शक रोमांच से भर जाते हैं। साल 2007 में आई 'वेलकम' के 'उदय शेट्टी' से लेकर गंभीर ड्रामा फिल्मों तक, नाना ने हर किरदार में जान फूंकी है। हालांकि, उनके पूरे करियर की सबसे प्रभावशाली और यादगार फिल्मों में 2016 की मराठी ब्लॉकबस्टर 'नटसम्राट' सबसे ऊपर गिनी जाती है।
महेश मांजरेकर के निर्देशन में बनी 'नटसम्राट' मशहूर मराठी नाटक पर आधारित थी। इस मूवी को खुद नाना पाटेकर ने प्रोड्यूस किया था। सिर्फ 7 करोड़ रुपये के सीमित बजट में तैयार हुई इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होते ही तहलका मचा दिया था। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने भारत में करीब 39 करोड़ रुपये और दुनिया भर में 46 करोड़ रुपये से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया। अपनी लागत पर 450 फीसदी से ज्यादा का भारी मुनाफा कमाकर यह फिल्म मराठी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली शीर्ष 5 फिल्मों की सूची में शामिल हो गई।
इस फिल्म में नाना पाटेकर के साथ विक्रम गोखले, मृणमयी देशपांडे, सुनील बर्वे और मेधा मांजरेकर जैसे मंझे हुए कलाकारों ने अभिनय किया था। नाना पाटेकर के करियर में यह फिल्म एक मील का पत्थर साबित हुई, जिसने यह साबित किया कि मजबूत कहानी और सशक्त अभिनय के दम पर किसी भी भाषाई सिनेमा को वैश्विक स्तर पर सराहा जा सकता है।