डॉ. रत्नप्पा जी का जीवन संघर्ष, राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता का प्रेरणा स्वरूप, प्रजापति समाज के बेटे-बेटियों में अपार क्षमता : उपमुख्यमंत्री
केशव प्रसाद मौर्य ने आज ग्राम कनारसी, गौतम बुद्ध नगर में भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में आयोजित महान क्रांतिकारी, स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान सभा के सदस्य डॉ. रत्नप्पा कुम्हार जी की 117वीं जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया जहां समिति अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. रत्नप्पा कुम्हार जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
श्री मौर्य ने कहा कि जिस प्रजापति समाज के बनाए मिट्टी के दीये से हर शुभ कार्य की शुरुआत होती है, उस मेहनतकश, हुनरमंद और गौरवशाली समाज को मैं सादर प्रणाम करता हूं। स्वतंत्रता सेनानी, संविधान सभा के सदस्य और सहकारिता आंदोलन के अग्रदूत डॉ. रत्नप्पा कुम्हार जी का जीवन संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायी मिसाल है। कोल्हापुर के एक साधारण कुम्हार परिवार में जन्म लेकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई, संविधान निर्माण में योगदान दिया और देश की पहली लोकसभा के सदस्य बने। उन्होंने किसानों को संगठित करने और सहकारी चीनी मिल की स्थापना के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर गरीबों, पिछड़ों, वंचितों, शिल्पकारों और परंपरागत कारीगरों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। भाजपा का मूल मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' है। इसी भावना के अनुरूप पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत कुम्हार समाज सहित पारंपरिक कारीगरों को जोड़ा गया है। पात्र लाभार्थियों को औजार खरीदने के लिए 15 हजार रुपये तक की सहायता तथा प्रशिक्षण के दौरान 500 रुपये प्रतिदिन की सहायता प्रदान की जाती है।