प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 50 करोड़ लोगों का गरीबी रेखा से बाहर आना ऐतिहासिक उपलब्धि, विश्व बैंक ने भी की पुष्टि: केशव प्रसाद
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने धार्मिक नारों को लेकर समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रिया पर कहा कि जब जय श्रीराम का उद्घोष होता है तो सपा प्रमुख घबराते हैं और अब उन्हें ‘राधे-राधे’ के उद्घोष से भी परेशानी होने लगी है। उन्होंने कहा कि ‘राधे-राधे’ केवल एक उद्घोष नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति की गहरी आस्था का प्रतीक है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी गरीबों की दुश्मन हैं। ये पिछड़ों और दलितों की विरोधी हैं तथा इन दलों से गरीबों के कल्याण की उम्मीद नहीं की जा सकती। इनका इतिहास गरीबों, वंचितों और शोषितों को केवल वोट बैंक समझने का रहा है, जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करने का काम किया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कमल पूरी तरह खिला हुआ है और आगे भी खिलने जा रहा है। वर्ष 2047 तक समाजवादी पार्टी सत्ता में आने वाली नहीं है और भारतीय जनता पार्टी सत्ता से जाने वाली नहीं है। जनता का अपार विश्वास और आशीर्वाद भाजपा के साथ है। इसी जनसमर्थन के बल पर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार भी प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। श्री मौर्य ने कहा कि जब हमने ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का उद्घोष किया तो समाजवादी पार्टी को अपनी पंचर साइकिल दिखाई नहीं दे रही, बल्कि उसे कमल मुरझाया हुआ नजर आ रहा है। यह उनकी सोच और दृष्टिकोण का अंतर है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था से जुड़े उद्घोषों पर आपत्ति जताने के बजाय समाजवादी पार्टी को जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए।