रावण बने यश पर टिकीं सबकी निगाहें, तो मंथरा के रोल में इस खूंखार एक्ट्रेस ने उड़ा दिए सबके होश
भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का इंतजार कर रहे फैंस के लिए आज का दिन किसी उत्सव से कम नहीं है। नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित और नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण पार्ट 1' का ट्रेलर आज सुबह 4 बजे (ब्रह्म मुहूर्त) भव्य तरीके से रिलीज कर दिया गया है।
ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। भगवान राम के सौम्य अवतार में जहां रणबीर कपूर ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है, वहीं लंकापति रावण के रूप में सुपरस्टार यश का खूंखार अंदाज रोंगटे खड़े करने वाला है। इस पौराणिक महाकाव्य को बड़े पर्दे पर एक विजुअल ट्रीट के रूप में पेश किया जा रहा है।
रावण के रूप में यश और ऐरावत सीन ने जीता दिल
ट्रेलर में राम, सीता, लक्ष्मण, रावण, राजा दशरथ, कैकेयी और शूर्पणखा जैसे प्रमुख किरदारों की पहली झलक देखने को मिली है। खासकर रावण के किरदार में यश की जबरदस्त तारीफ हो रही है। उनके लुक और हाव-भाव ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। इसके अलावा ट्रेलर में दिखाया गया 'ऐरावत' (इंद्र का हाथी) वाला वीएफएक्स सीन इंटरनेट पर चर्चा का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है।
शाहरुख खान की पुरानी दोस्त बनी हैं नई 'मंथरा'
स ट्रेलर में मुख्य किरदारों के अलावा जिसने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है, वह है कैकेयी (लारा दत्ता) की चालबाज दासी 'मंथरा' की झलक। रामानंद सागर की क्लासिक 'रामायण' में दिग्गज ललिता पवार ने इस किरदार को अमर कर दिया था। अब साल 2026 की इस मॉडर्न 'रामायण' में यह प्रतिष्ठित किरदार मशहूर और टैलेंटेड एक्ट्रेस शीबा चड्ढा निभा रही हैं। शीबा चड्ढा ने 1998 में मणिरत्नम की फिल्म 'दिल से..' से बॉलीवुड में कदम रखा था। दिलचस्प बात यह है कि वह सुपरस्टार शाहरुख खान की कॉलेज के दिनों की पुरानी दोस्त भी हैं। पिछले 28 सालों में शीबा ने 'हम दिल दे चुके सनम', 'गली बॉय', 'बधाई दो' जैसी फिल्मों के साथ-साथ 'मिर्जापुर' और 'बंदिश बैंडिट्स' जैसी सुपरहिट वेब सीरीज में अपने अभिनय का लोहा मनवाया है।