'दृश्यम 3' देखने से पहले भूल गए कहानी, जानें अजय देवगन की 'दृश्यम 1 और 2' घर बैठे OTT पर कहां देखें

'दृश्यम 3' देखने से पहले भूल गए कहानी, जानें अजय देवगन की 'दृश्यम 1 और 2' घर बैठे OTT पर कहां देखें

अजय देवगन की जानी मानी फिल्म 'दृश्यम 3: द कंक्लूजन' (Drishyam 3: The Conclusion) को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।

अगर आप भी सिनेमाघरों में यह मास्टरपीस सस्पेंस थ्रिलर देखने की तैयारी कर रहे हैं मगर पिछले सात सालों की टाइमलाइन दिमाग से निकल गई है, तो आपको चिंता करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। आइए आपको बताते हैं कि आप 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी के पहले और दूसरे भाग को घर बैठे किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर बिंज-वॉच (Binge-Watch) कर सकते हैं।

ओटीटी पर यहां देखें 'दृश्यम' 

साल 2015 में रिलीज हुई 'दृश्यम' ने सस्पेंस थ्रिलर जॉनर में एक नया बेंचमार्क सेट किया था। निशिकांत कामत के बेहतरीन निर्देशन में बनी यह फिल्म आप प्राइम वीडियो (Prime Video) और जियो हॉटस्टार (JioHotstar) प्लेटफॉर्म पर आसानी से स्ट्रीम कर सकते हैं।

यह फिल्म मूल रूप से जीतू जोसेफ द्वारा निर्देशित और मोहनलाल अभिनीत 2013 की सुपरहिट मलयालम फिल्म की रीमेक थी। कहानी विजय सालगांवकर (अजय देवगन) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पत्नी नंदिनी (श्रिया सरन) और बेटियों को बचाने के लिए एक खूंखार आईजीपी मीरा देशमुख (तब्बू) के बेटे की दुर्घटनावश हुई हत्या को छिपाने के लिए हर हद पार कर जाता है। इस फिल्म में इशिता दत्ता, रजत कपूर और कमलेश सावंत (एसआई गायतोंडे) जैसे दिग्गजों ने भी दमदार अभिनय किया है।

'दृश्यम 2' में फिर खुला गड़े मुर्दे का राज

पहले पार्ट के सात साल के लंबे इंतजार के बाद 2022 में 'दृश्यम 2' ने दस्तक दी और बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया। अगर आप इस पार्ट को दोबारा देखकर अपनी यादें ताज़ा करना चाहते हैं, तो यह फिल्म प्राइम वीडियो (Prime Video) पर मौजूद है।

इस भाग में दिखाया गया है कि सात साल बाद सैम की मौत की फाइल फिर से खुल जाती है। इस बार एक बेहद तेज-तर्रार आईजी तरुण अहलावत (अक्षय खन्ना) एंट्री मारते हैं, जो सालगांवकर परिवार के बुने हुए झूठ के परफेक्ट जाल को तार-तार करने की कसम खाकर आते हैं।

इस बार रीमेक नहीं, बिल्कुल ओरिजिनल होगी 'दृश्यम 3' 

दृश्यम फैंस के लिए सबसे बड़ी और रोमांचक खबर यह है कि 'दृश्यम 3: द कंक्लूजन' किसी मलयालम फिल्म की कॉपी या रीमेक नहीं होगी। मेकर्स ने इस बात की स्पष्ट रूप से पुष्टि कर दी है कि हिंदी दर्शकों के लिए इस बार एक बिल्कुल नई और मौलिक कहानी (Original Story) गढ़ी गई है, जिसका क्लाइमैक्स एकदम अलग और अप्रत्याशित होगा।