गजनी फेम दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत का गंभीर बीमारी से निधन, 74 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

गजनी फेम दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत का गंभीर बीमारी से निधन, 74 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद और रुला देने वाली खबर सामने आई है। बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्मों 'गजनी' और 'लगान' में अपनी दमदार एक्टिंग का लोहा मनवाने वाले दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत (Pradeep Rawat) का 4 अगस्त 2026, मंगलवार को निधन हो गया है।

74 वर्षीय अभिनेता लंबे समय से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जंग लड़ रहे थे। उनके अचानक यूं चले जाने से पूरे सिनेमा जगत और उनके अनगिनत प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।

एक महीने से चल रहा था अस्पताल में इलाज

एएनआई की रिपोर्ट के हवाले से प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ आर तिवारी ने इस दुखद खबर की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने जानकारी दी कि अभिनेता का पिछले एक महीने से मुंबई के प्रतिष्ठित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में सघन इलाज चल रहा था। हाल ही में उनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए उन्हें मुंबई के पास भिवंडी स्थित एक विशेष कैंसर अस्पताल में शिफ्ट किया गया था, जहां उन्होंने जीवन की अंतिम सांस ली।

चकाचौंध से कोसों दूर रहता है परिवार

ऑन-स्क्रीन खूंखार खलनायक और गंभीर किरदार निभाने वाले प्रदीप रावत असल जिंदगी में बेहद शांत और अपनी निजता को महत्व देने वाले इंसान थे। उन्होंने अपने परिवार को हमेशा मायानगरी की चकाचौंध और लाइमलाइट से दूर रखा। अभिनेता के परिवार में उनकी पत्नी कल्याणी रावत और बेटे विक्रमादित्य रावत हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कल्याणी रावत तेलुगु भाषी मूल की हैं और उनका फिल्म इंडस्ट्री से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है। वे सोशल मीडिया पर भी सक्रिय नहीं रहतीं और उनका इंस्टाग्राम अकाउंट प्राइवेट है। उन्हें केवल गिने-चुने सार्वजनिक मौकों पर ही दिग्गज अभिनेता के साथ देखा गया था।

'महाभारत' के अश्वत्थामा से लेकर 'गजनी' के विलेन तक का सफर

प्रदीप रावत का अभिनय करियर कई दशकों तक फैला रहा, जिसमें उन्होंने टीवी और बड़े पर्दे दोनों पर अपनी अमिट छाप छोड़ी। जो लोग उनके शुरुआती करियर से अनजान हैं, उन्हें बता दें कि रावत ने बीआर चोपड़ा के ऐतिहासिक टीवी धारावाहिक 'महाभारत' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। इस शो में उनके द्वारा निभाया गया 'अश्वत्थामा' का किरदार आज भी लोगों के जेहन में जिंदा है। इसके बाद उन्होंने 'तहकीकात', 'चंद्रकांता', 'युग' और 'गुल सनोबर' जैसे लोकप्रिय दूरदर्शन शोज में काम किया।

बॉलीवुड में उनकी एंट्री राज बब्बर की फिल्म 'ऐतबार' से हुई। इसके बाद वे 'अग्निपथ', 'पत्थर के फूल', 'संगदिल सनम', 'कोयला' और 'सरफरोश' जैसी कई बेहतरीन फिल्मों का हिस्सा रहे। आशुतोष गोवारिकर की ऑस्कर नॉमिनेटेड फिल्म 'लगान' में उनके देवा के किरदार को खूब सराहा गया। लेकिन, उन्हें रातों-रात सुपरस्टारडम आमिर खान की फिल्म 'गजनी' से मिला, जहां उन्होंने मुख्य खलनायक 'गजनी धर्मात्मा' का खौफनाक किरदार पर्दे पर जिया था। उनकी आखिरी ऑन-स्क्रीन उपस्थिति इसी साल 30 जनवरी 2026 को रिलीज हुई नेपाली पारिवारिक फिल्म 'आ बटा आमा' में थी।

Latest Posts