'हे विष्णु जान, हे कृष्णा जान...' अमिताभ बच्चन ने शेयर किया ईरान के प्राचीन मंदिर का जादुई भजन, मंत्रमुग्ध हुए फैंस

'हे विष्णु जान, हे कृष्णा जान...' अमिताभ बच्चन ने शेयर किया ईरान के प्राचीन मंदिर का जादुई भजन, मंत्रमुग्ध हुए फैंस

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपने फैंस के साथ कुछ न कुछ अनोखा और दिलचस्प शेयर करते रहते हैं। इस बार बिग बी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक ऐसा वीडियो पोस्ट किया है, जिसने न केवल उनके फैंस को हैरान कर दिया है बल्कि इंटरनेट पर एक नई बहस और उत्सुकता को भी जन्म दे दिया है। अमिताभ बच्चन द्वारा साझा किए गए इस खास वीडियो में ईरान का एक बेहद प्राचीन हिंदू मंदिर दिखाई दे रहा है और बैकग्राउंड में एक महिला सिंगर की जादुई आवाज में भगवान विष्णु, राम और कृष्ण की स्तुति की जा रही है। पर्शियन भाषा में गाए गए इस भजन ने इस समय सोशल मीडिया पर धूम मचा रखी है।

ईरान का 134 साल पुराना ऐतिहासिक विष्णु मंदिर और बिग बी का पोस्ट

अमिताभ बच्चन ने इस खूबसूरत वीडियो को पोस्ट करते हुए इसके इतिहास के बारे में भी अपने फैंस को जानकारी दी है। बिग बी ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि अब्बास बंदर (बंदर अब्बास) में ईरान का प्राचीन हिंदू विष्णु मंदिर, जो कि साल 1892 में कजर एरा (Qajar Era) के दौरान बनाया गया था। वीडियो में इस ऐतिहासिक मंदिर की झलक के साथ-साथ एक ईरानी महिला सिंगर की आवाज सुनाई दे रही है, जो बेहद सुरीले अंदाज में हिंदू देवी-देवताओं की प्रार्थना कर रही है। हालांकि यह भजन पर्शियन भाषा में है और आम लोगों को इसकी भाषा पूरी तरह समझ नहीं आ रही है, लेकिन इसकी रूहानी धुन और सिंगर की आवाज लोगों के दिलों को सीधे छू रही है।

सोशल मीडिया पर ज्योतिषीय भविष्यवाणी और फैंस के रिएक्शंस की बाढ़

बिग बी के इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस के तरह-तरह के रिएक्शंस देखने को मिल रहे हैं। इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए एक जाने-माने ज्योतिषी ने तो यहां तक दावा कर दिया कि ये प्राचीन मंदिर साल 2032-33 के आसपास फिर से पुनर्जीवित (रिवाइव) हो जाएंगे। उन्होंने आगे लिखा कि सितंबर 2027 में जब नई सत्ता आएगी तो कट्टरपंथी विचार धीरे-धीरे करके इतिहास बनते जाएंगे। वहीं दूसरी तरफ अमिताभ बच्चन के फैंस इस दुर्लभ जानकारी के लिए उनका शुक्रिया अदा कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि सर बहुत-बहुत धन्यवाद, इसे जानकर, देखकर और सबसे ज्यादा सुनकर बहुत अच्छा लगा, आपने हमारा दिन बना दिया। वहीं कई लोग कमेंट सेक्शन में लगातार उस ईरानी सिंगर का नाम पूछ रहे हैं जिसने इस पर्शियन भजन को इतनी खूबसूरती से गाया है।

'हे रामा जान, हे कृष्णा जान...' यूट्यूब पर भी वायरल हुए गाने के बोल

इस बेहद सुरीले और अनोखे भजन के बोल कुछ इस तरह हैं, 'हे विष्णु जान, हे रामा जान, हे कृष्णा जान... दर कल बेमा बेमान हमीश बेमान हमीश बेमान... नूर तू बेथा बाथ इश्क तू बेथा बाथ।' रिसर्च करने पर पता चला है कि यह खूबसूरत गाना भारत में कार्तिक कुलाल म्यूजिक डायरेक्टर के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 16 अप्रैल 2026 को अपलोड किया गया था, जहां इसे अब तक 4 लाख से भी ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। यूट्यूब के कमेंट सेक्शन में भी लोग इस गाने और सिंगर की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक 70 वर्षीय बुजुर्ग यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि मैंने और मेरी बेटी ने भारत में आज तक इतना मेलोडियस और दिल को छू लेने वाला भक्ति गीत नहीं सुना है। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि ऐसा लग रहा है जैसे स्वर्ग से कोई अप्सरा गा रही हो, यह सिंगर वाकई जादुई है।

Tags: