‘भगवान राम हर भारतीय के खून में समाए हैं!’ जावेद अख्तर के इस बयान ने इंटरनेट पर मचा दी खलबली
मशहूर गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने भगवान राम की महत्ता पर खुलकर बात करते हुए एक बड़ा बयान दिया है। मुंबई में इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (IPRS) के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भगवान राम किसी एक धर्म की सीमाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका सार हर भारतीय के खून में समाया हुआ है। 81 वर्षीय दिग्गज लेखक के मुताबिक, राम महज एक ऐतिहासिक या पौराणिक व्यक्तित्व नहीं हैं, बल्कि वे मर्यादा, आदर्श और जीवन जीने की बेहतरीन शैली का प्रतीक हैं। जब कोई व्यक्ति उन्हें इस व्यापक नजरिए से समझता है, तो वे सीधे दिल को छू जाते हैं।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी बहुचर्चित फिल्म 'रामायण' को लेकर पूछे गए सवाल पर जावेद अख्तर ने बताया कि उन्होंने अभी तक यह फिल्म नहीं देखी है, लेकिन उनकी बेटी और फिल्म निर्देशक जोया अख्तर इसे देखकर काफी प्रभावित हुई हैं। जावेद अख्तर ने मुस्कुराते हुए कहा कि जोया किसी भी काम की आसानी से तारीफ नहीं करतीं, यहां तक कि उन्होंने अपने पिता के काम की भी शायद ही कभी तारीफ की हो, लेकिन उन्होंने 'रामायण' की मुक्तकंठ से सराहना की है। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रहे हैं।
फिल्म के संगीत पर पूछे गए सवाल पर अपने चिरपरिचित अंदाज में जवाब देते हुए जावेद अख्तर ने कहा कि उनके गीतों के बोल लोगों के दिलों में इसलिए उतरते हैं क्योंकि वे एक बेहतरीन लेखक हैं। उन्होंने फिल्म 'स्वदेश' के अपने लिखे मशहूर गीत 'पल पल है भारी' की लोकप्रिय पंक्ति "मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में हैं" का संदर्भ देते हुए शब्दों की ताकत पर रोशनी डाली। साथ ही, हिंदी सिनेमा में साहित्यिक कहानियों की कमी पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि बॉलीवुड अक्सर एक तय फॉर्मूले पर चलता है ताकि हर राज्य और हर वर्ग के दर्शकों को खुश रखा जा सके, जिसके चलते मौलिक और कालजयी साहित्य पर फिल्में कम ही बन पाती हैं।