न लंबे बाल, न सिंपल लुक! 'रामायण' की सीता का ये नया अवतार देख चौंके फैंस, प्रेग्नेंट लुक में मचाया धमाल
नितेश तिवारी की 'रामायण' में माता सीता की भूमिका और धनुष व मम्मुट्टी के साथ फिल्म 'ओम' को लेकर सुर्खियों में बनी 34 वर्षीय साई पल्लवी का नया अवतार सामने आ गया है। मणिरत्नम के निर्देशन में बन रही आगामी तमिल फिल्म 'इंजी वेल्लम' का पहला गाना 'आची आची' बुधवार को रिलीज होते ही इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। अधिकांश हिस्से कोलकाता में शूट की गई इस फिल्म में साई पल्लवी के साथ विजय सेतुपति मुख्य किरदार में नजर आएंगे। गाने में अभिनेत्री अपने सिग्नेचर लंबे कर्ली बालों की जगह छोटे क्रॉप हेयरस्टाइल और प्रेग्नेंट अवतार में ऊर्जावान डांस करती दिख रही हैं, जिसे देख फैंस हैरान भी हैं और तारीफ भी कर रहे हैं।
'आची आची' एक हाई-एनर्जी पेपी ट्रैक है, जिसमें साई पल्लवी गर्भवती महिलाओं के एक समूह के साथ पूरे उत्साह से थिरकती दिखाई दे रही हैं। फिल्म की सह-निर्माता कंपनी मद्रास टॉकीज ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर गाने का वीडियो साझा करते हुए फैंस को यह तोहफा दिया। संगीत उस्ताद ए.आर. रहमान के निर्देशन में तैयार इस गाने के तमिल बोल इलांगो कृष्णन ने लिखे हैं, जबकि मलयालम लिरिक्स विनायक शशिकुमार के हैं। ट्रैक को वैशाली सामंत और शरण्या श्रीनिवास ने अपनी सशक्त आवाजों से सजाया है।
फिल्म के अनोखे शीर्षक 'इंजी वेल्लम' का खुलासा मेकर्स ने सितंबर में एक दिलचस्प प्रोमो वीडियो के जरिए किया था। उस वीडियो में दोनों मुख्य कलाकार नाम के अर्थ पर मस्ती भरी बहस करते दिखे थे। बातचीत में साई पल्लवी ने शुरुआत में विजय सेतुपति को 'इंजी' यानी अदरक और खुद को 'वेल्लम' यानी गुड़ बताया, फिर भूमिका बदलते हुए खुद को अदरक और सेतुपति को गुड़ करार दिया। अंत में सेतुपति ने हल्के-फुल्के अंदाज में साफ किया कि असल में वही अदरक हैं और साई पल्लवी गुड़, जिससे दोनों के खट्टे-मीठे और तीखे रिश्ते का संकेत मिलता है।
मणिरत्नम की यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 29 जनवरी को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म का निर्माण लाइका प्रोडक्शंस और मद्रास टॉकीज संयुक्त रूप से कर रहे हैं। फिल्म की तकनीकी टीम में मणिरत्नम के पुराने सहयोगी और मशहूर एडिटर ए. श्रीकर प्रसाद, सिनेमैटोग्राफर अविक मुखोपाध्याय, आर्ट डायरेक्टर शर्मिष्ठा रॉय, कॉस्ट्यूम डिजाइनर एका लखानी, स्टंट कोरियोग्राफर दिलीप सुब्बारायण, डांस कोरियोग्राफर बृंदा गोपाल और नेशनल अवॉर्ड विनर मेकअप आर्टिस्ट रंजीत अंबाडी शामिल हैं।