छात्रों को फ्री में मिलेगा आधुनिक लैपटॉप! जानिए किन-किन कोर्स वालों को मिलेगा CM विजय की नई स्कीम का फायदा
तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय गुरुवार को 10वीं व 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष समारोह में छात्रवृत्ति और योग्यता प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे। चेन्नई के नीलंकरई में आयोजित होने वाला यह गरिमामय कार्यक्रम दोपहर ठीक 2 बजे शुरू होगा। टीवीके के वार्षिक शिक्षा पुरस्कार वितरण समारोह के इस दूसरे चरण में कोयंबटूर, इरोड, तिरुप्पुर, नीलगिरी और पेरम्बलूर जिले के सफल छात्र अपने माता-पिता के साथ शिरकत करेंगे। आयोजन को सुव्यवस्थित रखने के लिए पार्टी नेतृत्व ने सभी संबंधित जिला सचिवों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं और प्रतिभागियों व अभिभावकों को दोपहर 12 बजे तक सभागार में अपना स्थान ग्रहण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
पुरस्कार वितरण का यह सिलसिला शुक्रवार, 27 नवंबर को भी जारी रहेगा, जिसमें सलेम, नमक्कल, करूर और तिरुचिरापल्ली जिलों के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। इस तरह दो दिनों के भीतर कुल 9 जिलों के होनहार विद्यार्थियों को सीएम विजय द्वारा सीधे मंच से सम्मानित किया जाएगा। टीवीके की इस वार्षिक परंपरा का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं में जिला और विधानसभा स्तर पर शीर्ष तीन स्थानों पर रहने वाले विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करना और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक व मानसिक संबल देना है। इससे पहले इस साल का पहला चरण 4 नवंबर को नीलंकरई तट के एक निजी सभागार में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था, जिसके बाद अब दूसरे चरण का आयोजन किया जा रहा है।
समारोह के साथ ही कॉलेज और तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य में 'वेत्री लैपटॉप योजना' को हरी झंडी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी छात्र कल्याण पहल के लिए राज्य सरकार ने 2,000 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इस स्कीम के जरिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में सरकारी व सहायता प्राप्त कॉलेजों में नामांकित स्नातक (UG) और डिप्लोमा (पॉलिटेक्निक व ITI) पाठ्यक्रमों के पहले व दूसरे वर्ष के विद्यार्थियों को आधुनिक लैपटॉप मुफ्त दिए जाएंगे। योजना में कला, विज्ञान, इंजीनियरिंग, मेडिकल, वेटरनरी, एग्रीकल्चर, फिशरीज और लॉ के छात्र शामिल होंगे, साथ ही बीते वर्ष 2025-26 में लाभ से वंचित रहे प्रोफेशनल कोर्स के तीसरे और चौथे वर्ष के सीनियर छात्र भी इस योजना का सीधा लाभ ले सकेंगे।