राजस्थान- 37 में से 24 सीटें गंवाते ही भाजपा में हड़कंप! मदन राठौड़ समेत पूरी टीम को आलाकमान ने अचानक दिल्ली क्यों बुलाया?
राजस्थान पंचायत चुनाव में मिली करारी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व एक्शन मोड में आ गया है। जिला प्रमुखों के चुनाव में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन और भाजपा के कमजोर नतीजों को गंभीरता से लेते हुए पार्टी आलाकमान ने राजस्थान के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली तलब किया। दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक कर हार की वजहों की गहन समीक्षा की। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार और प्रदेश के चारों महामंत्री शामिल हुए।
राजस्थान में 37 जिला प्रमुखों के चुनाव में कांग्रेस ने 24 सीटों पर कब्जा जमाकर बाजी मार ली, जबकि भाजपा को महज 10 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार जिला प्रमुखों के चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और यह परिणाम भाजपा के लिए बड़ा सियासी झटका माना जा रहा है।
जिला प्रमुख चुनाव के दौरान चूरू और ब्यावर में हुई क्रॉस वोटिंग ने समीकरण बदल दिए। चूरू में कांग्रेस पार्षदों की क्रॉस वोटिंग का लाभ भाजपा को मिला, जहां पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ की बहू और भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह ने जिला प्रमुख पद पर जीत दर्ज की। इसके विपरीत ब्यावर में हुई क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस उम्मीदवार बाजी जीतने में सफल रहा।
कांग्रेस और भाजपा के अलावा अन्य क्षेत्रीय दलों ने भी अपनी ताकत दिखाई। राजस्थान के आदिवासी क्षेत्रों में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने दो जिलों में जीत हासिल की, वहीं हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) नागौर में अपना दबदबा कायम रखने में कामयाब रही।
जिला प्रमुख चुनाव में बड़ी जीत के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह है। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इन नतीजों को लेकर भजनलाल सरकार पर हमला बोला और आरोप लगाया कि तीन साल में सरकार ने कोई काम नहीं किया, जिसके चलते जनता ने भाजपा को नकार दिया। कांग्रेस का कहना है कि यह जनादेश राज्य सरकार के कामकाज के प्रति लोगों की नाराजगी को दर्शाता है।
पंचायत चुनाव में अपेक्षा के विपरीत रहे नतीजों के बाद भाजपा अब कमियों को दूर करने की कवायद में जुटी है। इसी कड़ी में प्रदेश के शीर्ष पदाधिकारियों को दिल्ली बुलाया गया, जहां बीएल संतोष ने मदन राठौड़, अजय कुमार और चारों महामंत्रियों के साथ चुनाव नतीजों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में संगठनात्मक रणनीति, चुनावी प्रबंधन और पराजय के संभावित कारणों का आकलन किया गया।