किम जोंग उन ने बढ़ाई टेंशन: परमाणु ठिकानों का दौरा कर किया बड़ा ऐलान
चीन के शेन्जेन में आयोजित त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन में अमेरिका, रूस और चीन के बीच परमाणु जोखिम घटाने तथा अप्रसार पर संवाद जारी रखने की सहमति बनी है, लेकिन इसी बीच उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन ने अपने बयानों से हलचल तेज कर दी है।
किम जोंग उन ने बीते बुधवार को देश के परमाणु ठिकानों का निरीक्षण किया और एटमी हथियारों के उत्पादन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, परमाणु सामग्री उत्पादन केंद्रों और हथियार अनुसंधान संस्थान के दौरे के दौरान उन्होंने विभिन्न सैन्य अभियानों में सामरिक परमाणु हथियारों के उपयोग पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।
दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी के अनुसार किम जोंग उन ने बुधवार को इन संवेदनशील परमाणु स्थलों का जायजा लिया, हालांकि उत्तर कोरिया प्रशासन ने इन केंद्रों के नाम और लोकेशन सार्वजनिक नहीं किए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि देश अपनी परमाणु सामग्री तैयार करने की क्षमता का लगातार विस्तार कर रहा है ताकि एटमी जखीरे को आधुनिक व सुदृढ़ बनाया जा सके। उनके मुताबिक, अलग-अलग मोर्चों और सैन्य कार्रवाइयों में सामरिक परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की तैयारी करना मौजूदा समय की अहम और तात्कालिक जरूरत है। उन्होंने आधुनिक युद्ध में इसकी सैन्य उपयोगिता और साझा सीमा वाले पड़ोसी का जिक्र करते हुए दक्षिण कोरिया को सबसे खतरनाक शत्रु के रूप में पेश किया।
अपने दौरे के दौरान किम जोंग उन ने पूर्वोत्तर एशिया में परमाणु प्रसार को लेकर अमेरिका पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वाशिंगटन अपने सहयोगी देशों के साथ परमाणु हथियार साझा करने और उनके संयुक्त इस्तेमाल का तंत्र खड़ा कर रहा है, जिससे क्षेत्र में एक वैश्विक परमाणु सैन्य गठबंधन प्रणाली आकार ले रही है। किम ने कहा कि मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए उत्तर कोरिया के लिए अपने परमाणु हथियारों का भंडार और अधिक बढ़ाना जरूरी हो गया है।