सीने में दर्द का इंतजार न करें! महिलाओं में ऐसे दिखते हैं हार्ट अटैक के संकेत, समय रहते पहचानना बेहद जरूरी

सीने में दर्द का इंतजार न करें! महिलाओं में ऐसे दिखते हैं हार्ट अटैक के संकेत, समय रहते पहचानना बेहद जरूरी

हार्ट अटैक का नाम आते ही ज्यादातर लोगों के जेहन में सीने के बीचों-बीच अचानक तेज दर्द उठने और बाएं हाथ तक फैलने की तस्वीर उभरती है। यह आम धारणा खासकर पुरुषों के लक्षणों से जुड़ी होती है, लेकिन महिलाओं के मामले में ऐसा हमेशा हो यह जरूरी नहीं है। महिलाओं को भी सामान्य लक्षणों की तरह सीने में तेज दर्द हो सकता है, मगर उनमें ऐसे कई संकेत दिखने की आशंका अधिक रहती है जिन्हें अक्सर हार्ट अटैक से जोड़कर नहीं देखा जाता। इसी विषय पर डॉ. अमित ने बताया है कि महिलाओं में हार्ट अटैक के लक्षण अलग क्यों होते हैं और किन बातों पर ध्यान देना जरूरी है।

महिलाओं में हार्ट अटैक के दौरान बिना किसी स्पष्ट वजह के अत्यधिक थकान, सांस फूलना, जी मिचलाना, उल्टी, चक्कर आना, पसीना छूटना या अपच व एसिडिटी जैसी समस्या महसूस हो सकती है। इसके अलावा पीठ, गर्दन, जबड़े और पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द या जकड़न भी दिख सकती है, जबकि सीने का दर्द या तो बेहद हल्का रहता है या बिल्कुल महसूस नहीं होता।

इसके पीछे कई चिकित्सकीय कारण हैं। पुरुषों और महिलाओं में हृदय की धमनियों से जुड़ी बीमारियों का स्वरूप अलग हो सकता है, साथ ही धमनियों में वसा जमा होने का तरीका और रक्त प्रवाह घटने पर हृदय की प्रतिक्रिया में भी अंतर देखा जाता है। महिलाओं में सूक्ष्म रक्त वाहिकाओं को प्रभावित करने वाली समस्या या धमनियों में अचानक सिकुड़न आने की संभावना अधिक होती है, जिससे चिर-परिचित लक्षण हमेशा सामने नहीं आते। इसके अतिरिक्त महिलाएं कई बार नए या लगातार बने रहने वाले संकेतों—खासकर जो शारीरिक मेहनत के दौरान उभरें—को तनाव, गैस, थकान या हार्मोनल बदलाव मान लेती हैं, जिससे उपचार में देरी होने पर हृदय की मांसपेशियों को अधिक नुकसान पहुंच सकता है।

डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, धूम्रपान या पारिवारिक इतिहास वाली महिलाओं को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। मेनोपॉज के बाद भी जोखिम बढ़ता है क्योंकि एस्ट्रोजन हार्मोन का सुरक्षात्मक असर घटने लगता है। अचानक कमजोरी, सांस फूलना, असामान्य पसीना, मतली या सीने, पीठ, जबड़े व ऊपरी पेट में असहजता नए रूप में या एक साथ दिखे तो सीने के तेज दर्द का इंतजार किए बिना तुरंत जांच कराना हितकर रहता है।