घर में बार-बार सूख रहे हैं पौधे या टूट रहा है शीशा, कुबेर देव की नाराजगी के ये 4 संकेत न करें नजरअंदाज!
कुबेर देव को धन, समृद्धि और वैभव का स्वामी माना जाता है। मान्यता है कि जब कुबेर देव की कृपा बनी रहती है तो जीवन में आर्थिक संकट नहीं आते और धन का भंडार भरा रहता है, लेकिन यदि वे रुष्ट हो जाएं तो पैसों की तंगी का सामना करना पड़ सकता है और बचत भी प्रभावित हो सकती है। वास्तु शास्त्र में कुछ ऐसे संकेतों का जिक्र मिलता है जिन्हें कुबेर देव की नाराजगी से जोड़कर देखा जाता है।
वास्तु शास्त्र के मुताबिक घर में लगे पौधों का बार-बार सूखना अच्छा संकेत नहीं माना जाता। नियमित रूप से पानी देने के बावजूद पौधे मुरझा रहे हों या सूख रहे हों, तो इसे आर्थिक परेशानियों की आहट समझा जा सकता है। ऐसी स्थिति दिखने पर कुबेर देव की आराधना करने या घर में विधिपूर्वक कुबेर यंत्र स्थापित करने की सलाह दी जाती है।
साफ-सफाई के बावजूद घर के कोनों में बार-बार मकड़ी के जाले बनना भी शुभ नहीं माना गया है। वास्तु मान्यताओं के अनुसार यह स्थिति कुबेर देव के अप्रसन्न होने का संकेत दे सकती है। इससे बचने के लिए घर की नियमित सफाई करें और उत्तर दिशा में दीपक जलाकर कुबेर देव का ध्यान करें।
घर में रखा कांच या शीशे का सामान बार-बार टूटना भी वास्तु के लिहाज से अशुभ माना जाता है। यदि शीशा बार-बार चटकता या टूटता है तो इसे धन से जुड़ी बाधाओं का संकेत माना जा सकता है और ऐसे में कुबेर देव के मंत्रों का जाप करने से हालात बेहतर होने की मान्यता है।
अचानक किसी कीमती सामान का गुम हो जाना या चोरी हो जाना भी कुबेर देव की नाराजगी का इशारा माना जाता है। इसके साथ ही यदि आपके रखे हुए पैसे बार-बार खो रहे हैं तो वास्तु शास्त्र के अनुसार इसका अर्थ यह भी हो सकता है कि आपकी धन प्रबंधन व खर्च की आदतें संतुलित नहीं हैं। ऐसे समय में फिजूलखर्ची रोककर बचत पर ध्यान दें, पूजा-पाठ करें और कुबेर देव को प्रसन्न करने के उपाय अपनाएं।