एक ही ओवर में 3 बड़े झटके; जे सुचित की फिरकी में फंसी मुंबई की बैटिंग, पलट गया पूरा मैच

एक ही ओवर में 3 बड़े झटके; जे सुचित की फिरकी में फंसी मुंबई की बैटिंग, पलट गया पूरा मैच

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई और उत्तराखंड के बीच खेले गए मुकाबले में बाएं हाथ के स्पिनर जगदीश सुचित की फिरकी का जबर्दस्त कहर देखने को मिला। सुचित ने एक ही ओवर में तीन बड़े विकेट चटकाकर मुंबई के मजबूत बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। इस मैच में भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन वह दो गेंदों पर केवल 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि ऑलराउंडर शिवम दुबे गोल्डन डक का शिकार होकर बिना खाता खोले चलते बने।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत काफी ठोस रही थी। सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने 34 गेंदों पर 51 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, वहीं हार्दिक तामोरे ने भी 39 रनों का उपयोगी योगदान दिया। इसके बाद नंबर तीन पर आए युवा बल्लेबाज मुशीर खान ने अपनी बेहतरीन फॉर्म जारी रखते हुए एक और अर्धशतक जड़ा। उनके भाई सरफराज खान ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए महज 15 गेंदों पर 31 रन कूट डाले, जिससे मुंबई बड़े स्कोर की ओर अग्रसर दिख रही थी।

पारी का 16वां ओवर लेकर आए उत्तराखंड के गेंदबाज जे सुचित ने पूरा मैच पलट दिया। ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने तेजी से रन बना रहे सरफराज खान को आउट किया। अगली ही गेंद पर बल्लेबाजी के लिए आए शिवम दुबे पहली ही गेंद पर सुचित का शिकार बन गए। ओवर की अंतिम गेंद पर क्रीज पर मौजूद कप्तान सूर्यकुमार यादव भी गच्चा खा गए और सिर्फ 1 रन बनाकर कैच थमा बैठे। सुचित ने इस करिश्माई ओवर में महज तीन रन खर्च करके तीन प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया।

टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में शानदार फॉर्म दिखाने वाले सूर्यकुमार यादव के लिए यह मुकाबला निराशाजनक रहा। टूर्नामेंट के पहले मैच में उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 60 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मैच में गुजरात के विरुद्ध 82 रनों की आतिशी पारी खेली थी। इसके बाद गोवा के खिलाफ वह 25 रन बनाकर आउट हुए, छत्तीसगढ़ के खिलाफ उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला और ओडिशा के खिलाफ 46 रन बनाने के बाद अब उत्तराखंड के खिलाफ वह महज एक रन पर सिमट गए।