साजिद खान की हॉरर-कॉमेडी से बड़े पर्दे पर वापसी, एकता कपूर संग मिलाया हाथ; रिलीज डेट का हुआ ऐलान
बॉलीवुड की जानी-मानी प्रोड्यूसर एकता आर. कपूर एक बार फिर दर्शकों को डराने के लिए बड़े पर्दे पर लौट रही हैं। अपने नए प्रोजेक्ट 'हीरो की हॉररिन' के लिए एकता ने डायरेक्टर साजिद खान और नामचीन प्रोड्यूसर अमर बुटाला के साथ हाथ मिलाया है। हॉरर और मनोरंजन के अनूठे तड़के से सजी यह फिल्म 5 फरवरी 2027 को देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। हिंदी सिनेमा के तीन बड़े और अनुभवी नामों के एक साथ आने से इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों और ट्रेड एनालिस्ट्स के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
टेलीविजन पर सुपरनैचुरल कहानियों का दौर शुरू करने से लेकर बड़े पर्दे पर 'भूत बांग्ला' और 'द ववान' जैसे प्रोजेक्ट्स का निर्माण करने वाली एकता कपूर का हॉरर जॉनर से गहरा नाता रहा है। 'हाउसफुल' और 'हाउसफुल 2' जैसी ब्लॉकबस्टर कॉमेडी फिल्में डायरेक्ट करने वाले साजिद खान इस बार डर और रहस्य की एक बिल्कुल नई दुनिया गढ़ने जा रहे हैं। मेकर्स ने फिलहाल फिल्म की कास्ट और कहानी को पूरी तरह गुप्त रखा है, लेकिन इतना साफ कर दिया है कि यह एक रहस्यमयी पृष्ठभूमि पर आधारित मनोरंजक हॉरर फिल्म होगी, जो बड़े पर्दे के लिहाज से तैयार की जा रही है।
'बजरंगी भाईजान', 'केसरी' और 'मिशन मजनू' जैसी बड़ी फिल्मों का हिस्सा रहे प्रोड्यूसर अमर बुटाला इस फिल्म में बतौर को-प्रोड्यूसर जुड़े हैं। जय हो मीडिया वेंचर्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म को बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा, जिसका निर्माण शोभा कपूर, एकता कपूर और अमर बुटाला मिलकर कर रहे हैं। प्रोडक्शन और डायरेक्शन की इस मजबूत तिकड़ी के साथ यह फिल्म साल 2027 की बहुप्रतीक्षित हॉरर रिलीज में शामिल हो गई है, जिसकी स्टारकास्ट की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।