
छत्तीसगढ़ स्थित धमतरी में आसमान में बादल छाए रहने से अंचल के किसान परेशान हो गए हैं। कई किसानों की फसल पूरी तरह से कट नहीं पाई है। वहीं धान खरीद केन्द्रों में खुले आसमान के नीचे लाखों क्विंटल धान रखा हुआ है। बेमौसम बरसात होने की आशंका ने धान खरीद केन्द्रों में अधिकारी-कर्मचारी व समिति सदस्यों की मुश्किलें बढ़ा दी।
पिछले 2 दिनों से सवेरे से शाम तक बादल वाला मौसम देखने को मिल रहा है। शहर में एक नवंबर से समर्थन मूल्य पर पर धान खरीद हो रही है। समर्थन मूल्य पर खरीदकर केन्द्रों में रखे लाखों क्विंटल धान को सुरक्षित रखने तिरपाल व पालीथिन से ढंककर रखा गया है, ताकि धान न भीगे। वहीं खेतों में खड़ी धान फसल की कटाई-मिंजाई किसानों ने मौसम को देखते हुए तेजी से कराई।
सवेरे से वातावरण बादल से ढका हुआ है। ठंडी हवा चल रही है। कई जगह वातावरण में कोहरा छा रहा है। ऐसे में बेमौसम बारिश की आशंका बढ़ गई।
आपको बता दें कि ग्राम पंचायत लोहरसी, शंकरदाह, देमार, अछोटा, सोरम व भटगांव खरीद केन्द्र में खरीदे गए धान तिरपाल से ढक रहे हैं। बदली को देखते हुए जिलेभर के धान खरीद केन्द्रों में एमएसपी पर खरीदकर शेड पर रखे लाखों क्विंटल धान को सही सलामत रखने तिरपाल व पालीथिन से समिति सदस्यों और अफसर-कर्मचारियों ने ढककर सुरक्षित रख रहे हैं, ताकि बरसात होने पर धान न भीगे और समितियों को बेमौसम बारिश से नुकसान उठाना न पड़े।