FB पर दोस्ती फिर प्रेमी संग हो गईं फरार, पढ़ें 3 सगी बहनों की अजब प्रेम की गजब कहानी

img

पटना। बिहार में तीन सगी बहनों को फेसबुक पर लड़कों से दोस्ती के बाद प्यार हो गया। इसके बाद उन्होंने मिलने का प्लान बनाया और फिर तीनों प्रेमी जोड़े घर से फरार हो गए। तीन लड़कियों के गायब होने पर परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस बीच लड़कियां अपने प्रेमी संग बक्सर, आरा के बाद पटना पहुंच गईं। हालांकि, पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए इन प्रेमी जोड़ों को पकड़ लिया।

Absconding with lover

भोजपुर के युवक और बक्सर की हैं लड़कियां

दोस्ती और प्यार का ये पूरा मामला बक्सर और भोजपुर से जुड़ा हुआ है। दरअसल, लड़कियां बक्सर की रहने वाली हैं जबकि लड़के भोजपुर के हैं। तीनों लड़कियां सगी बहनें हैं, इनमें दो नाबालिग हैं। वहीं प्रेमी लड़कों में दो सहार थाना क्षेत्र और एक गड़हनी इलाके का रहने वाला है। बक्सर पुलिस ने पूछताछ के बाद बताया कि तीनों ही युवक गाड़ी लेकर लड़कियों को उनके गांव से भगाने के लिए पहुंचे थे।

पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीक से किया खुलासा

जानकारी के मुताबिक, वेलेंटाइन डे के दिन तीनों लड़कियां गांव की ही एक और युवती के साथ भाग गई। एक साथ गांव की चार युवतियों के गायब होने से हड़कंप मच गया। बक्सर के स्थानीय थाने में परिजनों की ओर से अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इस बीच मामले की जांच में जुटी पुलिस को पता चला कि तीनों लड़कियां पटना में हैं। मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकों की सहायता से पुलिस को ये जानकारी मिली। साथ ही ये पता चला कि उनके साथ लड़के भी हैं।

पुलिस ने तीनों युवकों को किया अरेस्ट

पुलिस को जब इस बात की पुष्टि हुई तो वह पटना पहुंची जहां से एक प्रेमी युगल को पकड़ लिया। दो प्रेमी जोड़ों के आरा में होने की सूचना पर पुलिस ने उनको भी कब्जे में लिया। इस तरह से चारों लड़कियों का पता चल गया। फिलहाल पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। लड़कियों को भगाने के आरोपी विशाल, प्रकाश और बालाजी को जेल भेज दिया गया है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।

Related News