img

चंडीगढ़। हरियाणा में BJP और JJP का गठबंधन बिखर गया है और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पद से इस्तीफा दे दिया है। चंडीगढ़ में बीजेपी विधायक दल की बैठक में हरियाणा बीजेपी के अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुना गया है। सैनी आज शाम  मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सैनी इस समय कुरुक्षेत्र से सांसद हैं। फिलहाल, उनके नाम का औपचारिक ऐलान होना बाकी है।

चंडीगढ़ में आहूत बीजेपी विधायक दल की बैठक में कुरुक्षेत्र से मौजूदा सांसद और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष नायब सिंह सैनी के नाम पर सहमति बन गयी। अब नायब सैनी राजभवन जा रहे हैं और राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। बीजेपी विधायक दल की बैठक से पूर्व गृहमंत्री अनिल विज नाराज हो कर निकल गए। अनिल विज को नायब सैनी के नाम पर एतराज था। बताते चलें कि विज छह बार के विधायक हैं, और वह खुद सीएम पद की दौड़ में शामिल थे।

हरियाणा के नए मुख्यमंत्री पद की दौड़ में तीन नामों करनाल से सांसद संजय भाटिया और हरियाणा बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी और प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज की चर्चा थी। हालांकि अब नायब सिंह सैनी के नाम पर मुहर लग गई है। नायब सिंह सैनी ओबीसी समुदाय से आते हैं।  पिछल्रे दिनों ही वह हरियाणा बीजेपी के अध्यक्ष बने हैं। सैनी तेज तर्रार नेता माने जाते हैं।

नायब सिंह सैनी ने प्रदेश महामंत्री के संगठन में बीजेपी के सहयोगी के रूप में साल 1996 से लेकर 2000 तक काम कर चुके हैं। वर्ष 2002 में वह बीजेपी युवा मोर्चा अंबाला से जिला महामंत्री बने थे। इसके बाद वर्ष 2005 में बीजेपी युवा मोर्चा अंबाला में जिला अध्यक्ष पद पर रहे। सैनी वर्ष 2009 में बीजेपी किसान मोर्चा हरियाणा के प्रदेश महामंत्री और फिर वर्ष 2012 में बीजेपी अंबाला के जिला अध्यक्ष बने। वर्ष 2014 में सैनी नारायण गढ़ विधानसभा से विधायक बने और वर्ष 2016 में हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री रहे। इसके बाद सैनी वर्ष 2019 में कुरुक्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए। कुछ ही समय पूर्व बीजेपी आलाकमान ने उन्हें हरियाणा बीजेपी का अध्यक्ष बनाया। 
 

--Advertisement--