यहां 1300 करोड़ की लागत से बनेगा, 35 किलोमीटर परिधि का पूर्वी बाईपास, मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

img

करनाल, 05 अक्टूबर यूपी किरण। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यातायात को सुगम बनाने के लिए एक नई घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि करनाल में पूर्वी बाईपास बनेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग अथॉरिटी से इसकी मंजूरी मिल गई है। बाईपास की लम्बाई 35 किलोमीटर होगी और यह 7 मीटर चौड़ा होगा। इस पर करीब 1300 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी।

नया बाईपास मधुबन और कुटेल के बीच से शुरू होकर झंझाड़ी गांव में जीटी रोड में आकर मिलेगा। इसके आसपास के सभी गांव बाईपास से जुड़ जाएंगे। मुख्यमंत्री शहर के दीनबंधु चौधरी छोटू राम नमस्ते चौक पर आयोजित एक कार्यक्रम में नागरिकों से रूबरू थे। उन्होंने इस अवसर पर नवनिर्मित नमस्ते प्रतिरूप का लोकार्पण और दानवीर कर्ण के नाम से भव्य स्वागत द्वार का उद्घाटन किया। स्वागत द्वार पर 45 लाख रुपये तथा नमस्ते की आकृति के निर्माण पर 15 लाख रुपये की लागत आई है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अब यह स्थल मनोरम हो गया है। दानवीर कर्ण वेलकम गेट को नया बनाया गया है, जबकि नमस्ते को धरातल से 25 फुट ऊँचा कर नवस्वरूप में स्थापित किया गया है। चौधरी छोटू राम प्रतिमा स्थल का भी सौंदर्यीकरण किया गया है। इसी जगह पर एन्वायरमेंटल सेंसर एलईडी स्क्रीन भी स्थापित की गई है।

इससे शहर की हवा में पीपीएम, प्रदूषण की मात्रा, तापमान और पोपूलेशन जैसे फीचर स्क्रीन पर दिखाई देते रहेंगे। नमस्ते चौक पर एन.एच. फ्लाईओवर से यह चीजे ठीक से दिखाई दें, इसके लिए एलईडी स्क्रीन का साइज 8 गुना से बढ़ाकर 12 गुना और ऊंचाई 50 फुट की गई है। इसके अलावा चौधरी छोटू राम प्रतिमा को भी 24 फुट ऊंचा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करनाल शहर के सभी प्रवेश मार्गों पर 8 वेलकम गेट बनाए जाने की योजना के तहत आज दानवीर कर्ण के नाम से दूसरा एंट्री गेट जनता को समर्पित कर दिया गया। इससे पहले बलड़ी बाईपास पर श्रीमद् भगवद् गीता द्वार का उद्घाटन किया गया था। दो गेटों पर काम तेजी से चल रहा है, जबकि शेष 4 गेट भी बनाए जाएंगे। उन्होंने करतल ध्वनि के बीच कहा कि करनाल शहर के विकास को लेकर अभी संतोष करने की जरूरत नहीं है, जो भी नए विचार आएंगे, उनकी फिजीबिल्टी जांच कर उन्हें मूर्तरूप दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करनाल शहर स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित हो रहा है। इस शहर पर 1000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अभी तक 350 करोड़ रुपये के कार्य स्मार्ट सिटी के तहत प्रगति पर हैं। इनमें से 500 करोड़ रुपये केन्द्र सरकार व 500 करोड़ राज्य सरकार की ओर से दिए गए हैं। इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को स्वागत करते हुए विकास पुरुष बताया।

उन्होंने कहा कि नमस्ते चौक पर वेलकम गेट की मांग बहुत दिन से की जा रही थी, जो आज पूरी हो गई। इसके लिए उन्होंने शहर के समस्त नागरिकों को बधाई दी। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा, पूर्व अध्यक्ष जगमोहन आनन्द, केशकला बोर्ड हरियाणा के उपाध्यक्ष यशपाल ठाकुर, उपायुक्त एवं निगमायुक्त निशांत कुमार यादव, पूर्व विधायक नीलोखेड़ी भगवान दास कबीरपंथी, भाजपा नेता शमशेर नैन, शहरी भाजपा प्रधान प्रवीन लाठर, विभिन्न पार्षद और प्रबुद्घ नागरिक उपस्थित थे।

 

Related News