img

Up Kiran, Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपनी पहली पत्नी को मृत बताकर दूसरी शादी कर ली। दूसरी पत्नी को फोन कॉल के जरिए अपने पति की पहली शादी के बारे में पता चला। इसके बाद पति अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गया। अब दूसरी पत्नी ने अपने पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उसने उसे धोखा देकर शादी की है।

पति फरार, पत्नी ने पुलिस से की शिकायत

पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के महाराजगंज की रहने वाली जैनब की शादी खुर्शीद नाम के शख्स से हुई थी। जैनब अपने पति के साथ हरिद्वार के भगवानपुर में किराए के मकान में रह रही थी। गुरुवार को वह लिसाड़ी गेट थाने पहुंची और आरोप लगाया कि उसके पति ने उसे शादी का झांसा दिया है।

पीड़िता ने क्या कहा

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात समर गार्डन में रहने वाले खुर्शीद से हुई थी। इसके बाद खुर्शीद ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। उसने बताया कि उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है और उसके एक बेटा और दो बेटियां हैं। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली।

फोन आने पर खुला राज

पीड़िता ने आगे बताया कि शादी के बाद उसके पति ने उसे भगवानपुर में किराए के मकान में रखा। एक दिन जब उसका पति बाथरूम में था, तो उसके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। जब उसने फोन उठाया, तो दूसरी तरफ से महिला ने कहा कि वह खुर्शीद की पत्नी है। इसके बाद घर में काफी झगड़ा हुआ।

इस घटना के बाद पिछले 15 दिनों से खुर्शीद घर नहीं लौटा। अंत में पीड़िता थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब आरोपी के घर पर दबिश दी, तो खुर्शीद और उसका पूरा परिवार घर से फरार हो चुका था। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।