
अफ्रीकी देश कांगो में एक भयानक घटना घटी है। संयुक्त राष्ट्र के विरूद्ध प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों पर अंधाधुंध फायरिंग की गई है। साथ ही कई लोगों को चाकुओं से गोदा गया है। इसमें 40 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। कांगो की फौज ने ये एक्शन लिया है। शुरू में, सेना ने कहा कि सात लोग मारे गए।
बुधवार को पूर्वी कांगो शहर गोमा में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुआ, जिसमें 56 लोग घायल हो गए। पुलिसकर्मी पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांगो सेना ने यह कार्रवाई की है। गोमा शहर में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन और अन्य विदेशी संगठनों के विरूद्ध विरोध प्रदर्शनों को सेना ने कुचल दिया है।
कांगो के अफसरों ने कहा कि पुलिसकर्मी की पत्थर मारकर हत्या की गई। दो सैन्य अफसरों ने नाम न छापने की शर्त पर रॉयटर्स को बताया कि हमले में मरने वालों की संख्या 40 से अधिक है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि वह प्रदर्शनकारियों की मौत की जांच कर रहा है। कांगो के सैन्य अफसरों का एक वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें सेना दर्जनों शवों को एक ट्रॉली में घसीटते हुए नजर आ रही है।