img

IPL का 16वां सीजन 31 मार्च से शुरू हो रहा है। बीते वर्ष की तरह अबकी दफा भी टी20 लीग में 10 टीमें खेलेंगी। IPL एक ऐसा मंच है जहां खिलाड़ी न सिर्फ शोहरत पाते हैं बल्कि उन पर पैसे भी बरसाते हैं।

जब IPL में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले क्रिकेटरों की बात आती है तो इस सूची में रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज शीर्ष पर हैं। अब तक सात खिलाड़ियों ने IPL में 100 करोड़ रुपए या उससे ज्यादा की कमाई की है। आइए एक नजर डालते हैं IPL में सबसे अधिक कमाई करने वाले टॉप-5 क्रिकेटरों पर।

पहला क्रिकेटर

दिग्गज क्रिकेटर रोहित शर्मा IPL के सबसे सफल कप्तान होने के साथ-साथ सबसे ज्यादा फीस लेने वाले खिलाड़ी भी हैं। रोहित महेंद्र सिंह धोनी को पछाड़ IPL में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले क्रिकेटर बन गए हैं। MI के कप्तान की IPL कमाई करीब 178 करोड़ रुपए है। रोहित ने अब तक 227 IPL मैचों में 30.30 की औसत से 5879 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 40 अर्धशतक लगाए हैं।

दूसरा क्रिकेटर

CSK के कप्तान एमएस धोनी IPL नीलामी के पहले सीजन के सबसे महंगे क्रिकेटर थे। उन्हें पहली बार 6 करोड़ रुपये मिले थे। उसके बाद 2011 में इसे 8.28 करोड़ रुपये, 2014 में 12.5 करोड़ रुपये और 2018 में 15 करोड़ रुपये मिले। IPL 2023 में धोनी को 12 करोड़ रुपए मिले हैं और उन्होंने IPL से करीब 176 करोड़ रुपये कमाए हैं। 41 वर्षीय एमएस धोनी ने अब तक 234 IPL मैचों में 39.20 की औसत से 4978 रन बनाए हैं, जिसमें 24 अर्द्धशतक शामिल हैं।

तीसरा क्रिकेटर

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अपने IPL करियर में 173 करोड़ रुपए की कमाई की है। वह इस सूची में एकमात्र भारतीय हैं जिन्होंने कभी इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब नहीं जीता है। विराट कोहली IPL इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। आरसीबी के पूर्व कप्तान ने अब तक 223 IPL मुकाबलों में 36.20 की औसत से 6624 रन बनाए हैं। कोहली के नाम IPL में 5 शतक और 44 अर्धशतक हैं।

चौथा क्रिकेटर

'मिस्टर IPL' के नाम से फेमस सुरेश रैना टी20 लीग के सबसे कामयाब बल्लेबाजों में से एक थे। रैना ने 205 मैच में कुल 5528 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 39 अर्धशतक शामिल हैं। रैना ने 2008 से 2019 तक हर सीजन में 300 या इससे ज्यादा रन बनाए, जो एक रिकॉर्ड है। रैना ने IPL से 110 करोड़ रुपए कमाए।

5वां क्रिकेटर

जब IPL शुरू हुआ तो रवींद्र जडेजा एक अनकैप्ड क्रिकेटर थे। उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने IPL सीजन के पहले मैच में 12 लाख रुपए में खरीदा था। जडेजा ने इस लीग में निरंतर बेहतरीन प्रदर्शन किया तो उनकी सैलरी भी बढ़ गई। अभी तक जडेजा की IPL में कुल कमाई 109 करोड़ रुपए है। बाएं हाथ के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने IPL में अब तक 210 मैच खेले हैं और 2502 रन बनाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने 132 विकेट भी लिए हैं।
 

--Advertisement--