Up kiran,Digital Desk : हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी से ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान में 2 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 3 से 7 डिग्री कम रहा, जबकि कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान भी 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। मनाली और मंडी में ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही।
कहां कितनी हुई बारिश और बर्फबारी
प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई। कोठी में 15 सेंटीमीटर, कल्पा में 13.6, गोंदला में 12, सांगला में 10.5, खदराला में 7.5, जोत में 6.5, कुकुमसेरी में 4.8, केलांग में 3 और मनाली में 2.5 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।
वहीं निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर रहा। भटियात में 21.2, गोहर में 20, सराहन में 18.5, सुजानपुर टिहरा में 18.4, तीसा में 18.2, धर्मशाला में 16.3 और सलूणी में 15.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
न्यूनतम तापमान का हाल
शिमला में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री, सुंदरनगर 5.1, भुंतर 4.6, कल्पा माइनस 3.8, धर्मशाला 3.3, ऊना 7.0, नाहन 8.3, पालमपुर 3.0 और मनाली में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के सबसे ठंडे स्थानों में ताबो शामिल रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 7.9 डिग्री तक पहुंच गया।
8 फरवरी तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 2 और 3 फरवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। कई जिलों में बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
4, 5, 7 और 8 फरवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि 6 फरवरी को ऊंची पहाड़ियों पर एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। आने वाले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट के आसार हैं।
बर्फबारी के बाद पहाड़ों की बदली तस्वीर
किन्नौर के कल्पा सहित कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद पहाड़ चांदी की तरह चमक उठे हैं। सेब के बागानों पर बर्फ की मोटी परत जम गई है। शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे-5 पर यातायात दोबारा बहाल कर दिया गया है, जिसे नारकंडा में बर्फबारी के कारण बंद किया गया था।
मनाली में बर्फबारी, अटल टनल बंद
मनाली में रविवार रात फिर से बर्फबारी हुई। शहर में करीब चार इंच, नेहरूकुंड में छह इंच, सोलंगनाला में एक फीट और अटल टनल क्षेत्र में डेढ़ फीट तक बर्फ गिरी। भारी बर्फबारी के चलते अटल टनल को वाहनों और पर्यटकों के लिए फिलहाल बंद कर दिया गया है।
_135240338_100x75.png)
_1677431607_100x75.png)


