पूर्वी सिंहभूम में बड़ा एक्शन: जुगसलाई और बागबेड़ा में छापेमारी, 290 लीटर अवैध शराब जब्त और एक गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम जिला उत्पाद विभाग ने अवैध चुलाई शराब के निर्माण, भंडारण और धड़ल्ले से हो रही बिक्री के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में विभाग ने जुगसलाई और बागबेड़ा थाना क्षेत्रों में एक विशेष छापेमारी अभियान चलाया।
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान टीमों ने लगभग 290 लीटर अवैध चुलाई शराब को अपने कब्जे में लिया और मौके से एक शराब तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। इस पूरे मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत पांच अलग-अलग प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बागबेड़ा में छापेमारी के दौरान महिलाओं का विरोध
निरीक्षक उत्पाद (धालभूम प्रक्षेत्र) कुमार सत्येंद्र के नेतृत्व में शनिवार की देर रात यह विशेष अभियान शुरू किया गया। सबसे पहले टीम ने बागबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वायरलेस मैदान के पास अवैध शराब बिक्री के एक ठिकाने पर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय महिलाओं ने उत्पाद विभाग की टीम का विरोध करने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पूरी सख्ती के साथ अपना अभियान जारी रखा और मौके से भारी मात्रा में अवैध चुलाई शराब जब्त कर ली। इसके बाद टीम ने बागबेड़ा थाना के पीछे स्थित गुरुद्वारा मैदान के पास पार्वती देवी (55) के घर पर छापा मारा, जहां से भी अवैध शराब बरामद की गई।
जुगसलाई के खटिक मोहल्ला और दुखू मार्केट में ताबड़तोड़ छापे
बागबेड़ा के बाद उत्पाद विभाग की टीमों ने जुगसलाई थाना क्षेत्र का रुख किया। यहाँ रेलवे लाइन के किनारे स्थित खटिक मोहल्ला और दुखू मार्केट के सामने अवैध रूप से संचालित हो रहे तीन शराब बिक्री केंद्रों पर एक साथ औचक कार्रवाई की गई। इन सभी जगहों से भारी मात्रा में चुलाई शराब बरामद की गई। इसी दौरान दुखू मार्केट के पास रहने वाले गोपाल राय (50) को अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।